UP Police Exam: प्रवेश पत्र के पीछे फार्मूले लिखकर लाया अभ्यर्थी गिरफ्तार, पहली पाली में देने आया था परीक्षा
Kanpur News: हरसहाय डिग्री महाविद्यालय में नकल करते केंद्र निरीक्षक ने अभ्यर्थी को पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। वहीं, गोविंदनगर के एक केंद्र में अभ्यर्थी ने पैर में प्लास्टर चढ़े ही परीक्षा दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन हरसहाय डिग्री महाविद्यालय में एक नकलची परीक्षा के दौरान प्रवेश पत्र के पीछे गणित के फार्मूले देखते मिला। कक्ष निरीक्षक ने उसे पकड़ प्रवेश पत्र को भी जब्त कर लिया। बजरिया पुलिस ने सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश 2024 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।
बजरिया के पीरोड स्थित हरसहाय डिग्री कॉलेज में मथुरा के गोविंदनगर थाना क्षेत्र के आशानगर कॉलोनी जयसिंह पुरा निवासी पवन चौधरी पहली पाली में परीक्षा देने आया था। कक्ष संख्या-छह सी में कक्ष निरीक्षक वंदना राज, अनूप कुमार शुक्ला की देखरेख में परीक्षा हो रही थी। वंदना ने सुबह 10:02 बजे पवन चौधरी को नकल करते पकड़ा।
पवन के प्रवेश पत्र के पीछे गणित के कुछ फार्मूले लिखे थे। कक्ष निरीक्षक की सूचना पर पहुंची बजरिया थाना पुलिस ने पवन को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि वरिष्ठ केंद्राध्यक्ष डॉ. अमर श्रीवास्तव की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पवन को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पैर में प्लास्टर चढ़े अभ्यर्थी ने दी परीक्षा
आर्यकन्या इंटर कॉलेज गोविंदनगर में शनिवार को आगरा से परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी का पैर टूटा था। पैर में प्लास्टर देखकर पुलिसकर्मियों ने मेटल डिक्टेटर से उसकी तलाशी ली। परिजनों को परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। ऐसे में गेट पर सुरक्षा व्यवस्था में लगे हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल प्रेमवीर सिंह ने उन्हें सहारा देकर परीक्षा कक्ष तक पहुंचाया।