Unnao: अलाव की लकड़ी छूने पर हत्या करने वाला गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली...अस्पताल में भर्ती
Unnao News: नूरुद्दीनगर मोहल्ले में अलाव की लकड़ी छूने पर हुए विवाद में युवक की हत्या करने के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाएं पैर में गोली लगी है, जिसका अस्पताल में उपचार कराया गया है।
विस्तार
उन्नाव जिले में सदर कोतवाली के नूरुद्दीन नगर मोहल्ले में जल रहे अलाव में पैर लगने पर विवाद में युवक की हत्या में नामजद आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। सदर कोतवाली के मोहल्ला नूरुद्दीनगर निवासी तुफैल अहमद (22) की 10 दिसंबर की रात पड़ोस में जल रहे अलाव की लकड़ी में पर लग जाने से पड़ोसी रहमत अली ने सिर में डंडे से कई वार कर हत्या कर दी थी।
तुफैल के ताऊ की तहरीर पर रहमत अली के खिलाफ 11 दिसंबर को हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। घटना के बाद से हत्यारोपी फरार था। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी में लगी हुई थी। बृहस्पतिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रघुनाथ खेड़ा स्थित एक बाग में छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
हत्यारोपी को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में कराया इलाज
आत्मरक्षा में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी, गोली आरोपी के बाएं पैर में लगने से वह घायल हो गया। हत्यारोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने जिला अस्पताल में उसका इलाज कराया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा और उनकी टीम शामिल रही। सीओ सिटी दीपक यादव ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान बदमाश मुठभेड़ में घायल हुआ है। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। इलाज करा दिया गया है।