Unnao: हाईवे पर धू-धूकर जला कंटेनर; चालक ने कूदकर बचाई जान, तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, 3KM लंबा लगा जाम
Unnao News: उन्नाव के अजगैन में रविवार सुबह जड़ी-बूटियों और कॉटन से लदे एक कंटेनर के इंजन में आग लग गई, जिससे कानपुर-लखनऊ हाईवे पर तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। चालक असलम ने कूदकर अपनी जान बचाई और दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
उन्नाव जिले में कानपुर-लखनऊ हाईवे पर अजगैन कोतवाली के पास रविवार सुबह करीब 10 बजे चलते कंटेनर के इंजन में आग लग गई। लपटें उठती देख चालक ने गाड़ी किनारे खड़ी करके कूदकर अपनी जान बचाई। इससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दाैरान हाईवे पर तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जनपद प्रतापगढ़ के थाना लालगंज के सकौहाबाद निवासी असलम ने बताया कि रविवार सुबह बाराबंकी के देवा रोड से कंटेनर में माल लेकर तमिलनाडु के लिए निकला था। कंटेनर में विभिन्न प्रकार की जड़ी-बूटियां और एक कंपनी का कॉटन लदा था। अजगैन कोतवाली के पास इंजन से धुआं और लपटें उठने लगीं। यह देख उसने गाड़ी किनारे खड़ी की और कूदकर जान बचाई।
तीन दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
सूचना पर अजगैन कोतवाली के साथ सोहरामऊ थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वाहनों को डायवर्ट कर दूसरी लेन से निकालना शुरू किया। इस दौरान करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस की सूचना पर हसनगंज और उन्नाव की तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई
इसके बाद में पुलिस व एनएचएआई की टीम ने हाइड्रा और जेसीबी मशीनों की मदद से कंटेनर को हाईवे से हटाकर किनारे किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि दमकल की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। घटना के दौरान यातायात प्रभावित हुआ था जो बहाल करा दिया गया है। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।