Unnao: चाकू से गोदकर महिला की हत्या, बेटी व एक युवक लापता, जांच में जुटी पुलिस
यूपी के उन्नाव जिले में महिला की चाकू से गोदकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।
विस्तार
उन्नाव जिले में शहर के मोहल्ला सिविल लाइन में किराए के मकान में बेटी के साथ रह रही महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह मकान मालिक ने घर का गेट खुला और किराएदार के कमरे की कुंडी बाहर से लगी देखी। हत्या का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी। मृतका की 20 वर्षीय बेटी और रविवार शाम घर आया युवक भी लापता है। मकान मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बंदूहार मोहल्ला निवासी रज्जन की पत्नी शशी सिंह (45) बेटी पूजा उर्फ तन्नू (20) के साथ चार महीने से सिविल लाइन मोहल्ला निवासी जयप्रकाश बहादुर के मकान में किराए पर रह रही थीं। मां-बेटी दोनों एक निजी अस्पताल में काम करते थे। रविवार रात दोनों काम से घर लौटी थीं। रात में एक अन्य युवक भी उनके यहां आया था। मकान मालिक के अनुसार उसने पूछा तो महिला ने बहन का लड़का बताया था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर से बाहर निकले तो देखा गेट खुला हुआ था। कमरे में बाहर से कुंडी लगी थी।
इससे वह नाराज भी हुए और शशी के आने का इंतजार किया। लेकिन काफी देर तक जब कोई नहीं लौटा तो उन्होंने खुद कुंडी खोली। अंदर देखा तो रक्तरंजित शव बेड पर पड़ा था। यह देख वह चीखते हुए बाहर आए और पत्नी को बताने के साथ 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी। सीओ आशुतोष कुमार और कोतवाल राजेश पाठक मौके पर पहुंचे और जांच की। महिला के पास मिले आधार कार्ड में बंदूहार का पता मिला। मकान मालिक के मुताबिक उसने पुरवा का मूल निवास होने की बात बताई थी। लेकिन आधार यहीं का बना था।
घटना के बाद से मृतका की बेटी और लड़का फरार है। पुलिस को घटनास्थल पर कोई मोबाइल नहीं मिला है। सुबह करीब 11 बजे एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना भी मौके पर पहुंचे और जांच की। मकान मालिक के पास मिले मृतका के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवाया गया है। मृतका के कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने बताया कि महिला की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। घटना के बाद से उसकी बेटी और मकान मालिक को दिखा लड़का फरार है। मोबाइल सर्विलांस पर लगाए गए हैं। जांच चल रही है।