चित्रकूट: मंदाकिनी पुल के पास बालू में दिखे पैर, हटाया तो मिला अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव
Chitrakoot News: पहाड़ी थाना क्षेत्र के कहेटा माफी गांव में मंदाकिनी नदी के पुल के पास अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बालू में महिला के पैर दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बालू हटवाई तो महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
विस्तार
सूचना पर पहाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। थाना प्रभारी निशिकांत राय के मुताबिक ग्रामीणों ने पुल के पास बालू में पैर दिखाई देने की जानकारी दी थी। मौके पर पहुंचकर बालू हटवाई गई तो महिला का शव मिला। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
बालू में दिखाई दिए महिला के पैर
ग्रामीणों की नजर पुल के पास बालू में दिखाई दे रहे पैरों पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालू हटाकर जांच की। बालू के नीचे महिला का शव मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक शव काफी सड़-गल चुका था। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। आसपास के लोगों से भी शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बाढ़ में बहकर आने की आशंका
थाना प्रभारी निशिकांत राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला का शव बाढ़ के पानी में बहकर यहां आया होगा। हालांकि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।