Kanpur: दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, चलती बाइक पर महिला से लूटा था पर्स, हैलट में भर्ती कराया
Kanpur News: शनिवार देर रात यूनिवर्सिटी पेट्रोल पंप के पास लूटेरों ने चलती बाइक से महिला से पर्स लूट लिया था। पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
कानपुर में पश्चिम जोन की स्वाट टीम और कल्याणपुर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर बुधवार देर रात एल्डिको के पीछे जवाहरपुरम में दो लुटेरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर बाबूपुरवा से आवास विकास लौट रहे दंपती से लूट करने का आरोप था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए लुटेरों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को टीम ने दौड़ाकर दबोच लिया। दोनों के पास से तमंचा बरामद हुआ है। डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों की पहचान मुकेश और राजकुमार के रूप में हुई है।
गोली लगने से घायल मुकेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरे बदमाश राजकुमार की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया पर्स बरामद कर लिया है। बता दें, बेटियों जेबा व हादिया के साथ सज्जन खान की पत्नी साबिया आलम बाबूपुरवा से आवास विकास तीन स्थित घर लौट रही थीं।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही है पुलिस
इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने जीटी रोड पर एडीसीपी पश्चिम व एसीपी कल्याणपुर के दफ्तर से कुछ कदम की दूरी पर पर्स लूट लिया था। लूट के दौरान साबिया चलती बाइक से गिरकर घायल हो गईं थी। गंभीर हालत में उन्हें हैलट में भर्ती कराया गया, जहां अभी भी उनका इलाज चल रहा है। डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।