बदलता ट्रेंड: आईआईटी कानपुर में लौटा टॉपर्स का भरोसा, 32वीं रैंक वाले मेधावी ने सीएस ब्रांच के लिए भरा विकल्प
Kanpur News: जेईई एडवांस में 32वीं रैंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र ने आईआईटी कानपुर में कंप्यूटर साइंस का विकल्प चुनकर सात साल का इंतजार खत्म किया है। संस्थान टॉप-100 रैंकर्स को सालाना तीन लाख रुपये की ब्राइट माइंड्स स्कॉलरशिप भी देता है।
विस्तार
आईआईटी कानपुर का सात साल का इंतजार लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। जेईई एडवांस के अंडर 100 रैंकर को आईआईटी कानपुर पसंद आया है। इस बार जेईई एडवांस में 32वीं रैंक पाने वाले छात्र ने कंप्यूटर साइंस का विकल्प भरा है। हालांकि दूसरे राउंड की काउंसलिंग के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। देश की 23 आईआईटी में दाखिले के लिए ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) की काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है। पहले चरण का सीट एलॉटमेंट हो चुका है।
ऑल इंडिया 32वीं रैंक प्राप्त करने वाले मेधावी ने आईआईटी कानपुर में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग ब्रांच को चयनित किया है। इससे पहले सिर्फ एक बार वर्ष 2019 में ऑल इंडिया 95वीं रैंक वाले छात्र ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया था। अन्य वर्षों में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों की जेईई एडवांस में रैंक 100 के पार ही रही है। इस साल जेईई एडवांस में ऑल इंडिया 32वीं रैंक प्राप्त करने वाले मेधावी ने आईआईटी कानपुर का चयन किया है। कंप्यूटर साइंस में क्लोजिंग रैंक 276 रही है।
टॉप-100 रैंकर को मिलती है ब्राइट माइंड स्कॉलरशिप
आईआईटी कानपुर ऑल इंडिया टॉप 100 रैंकर्स को ब्राइट माइंड्स स्कॉलरशिप भी देता है। इसके तहत चयनित छात्रों को हर साल तीन लाख रुपये की स्कॉलरशिप दी जाती है। इस स्कॉलरशिप को प्राप्त करने के लिए छात्रों को हर सेमेस्टर 8.0 सीपीआई बनाए रखना जरूरी है। संस्थान ने यह स्कॉलरशिप वर्ष 2022 में शुरू की थी लेकिन 2022 से 2025 तक एक भी टॉप-100 रैंकर्स छात्र ने प्रवेश नहीं लिया था।