हाई ग्रेड फीवर से तीन और मौतें: हैलट का फीवर वार्ड फुल हुआ, तीन रेजीडेंट डॉक्टर भी इमरजेंसी में भर्ती
Kanpur News: डॉ. कुशवाहा और डॉ. प्रियदर्शी ने बताया कि हाई ग्रेड फीवर के बाद रोगियों के सांस तंत्र में दिक्कत होती है। लिवर के इंजाइम बढ़ जा रहे हैं। इसके साथ ही रोगियों के जोड़ों में बहुत दर्द होता है। हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा आरके सिंह ने बताया कि रोगी अधिक होने से न्यूरो के वार्ड में शिफ्ट किए गए।
विस्तार
कानपुर में हाई ग्रेड फीवर तेजी से लोगों को दबोच रहा है। हालत यह है कि हैलट का फीवर वार्ड फुल हो गया है और मेडिसिन विभाग के तीन जूनियर डॉक्टर हाई ग्रेड फीवर की चपेट में आ गए हैं। इन्हें इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। इस बीच सोमवार को इसके 148 रोगी अस्पतालों में आए। हैलट आए रोगियों में से इमरजेंसी की मेडिसिन यूनिट में 60 रोगी भर्ती किए गए, जबकि रोगियों की मौत हो गई।
मेडिसिन यूनिट में जगह कम पड़ने पर कुछ रोगियों को न्यूरो विभाग में भी भर्ती किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि बुखार के बाद वायरल संक्रमण का सबसे बुरा असर रोगियों के लिवर, फेफड़ों और शरीर के जोड़ों पर आ रहा है। हाई ग्रे़ड फीवर के बाद रोगियों की तबियत अचानक बिगड़ रही है। हैलट में तीन रोगी जब अस्पताल पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक रोगी मंधना से तड़के हैलट आया।
तेज बुखार के बाद रोगियों की हालत बिगड़ी
डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसी तरह दोपहर में दो रोगी आए। मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. जेएस कुशवाहा ने बताया कि दोनों ब्रॉट डेड थे। वहीं रोगियों के परिजनों का कहना था कि तेज बुखार के बाद रोगियों की हालत बिगड़ गई। अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के संचारी रोग प्रभारी डॉ. बीपी प्रियदर्शी ने बताया कि फीवर वार्ड फुल है।
बढ़ जा रहे हैं लिवर के इंजाइम
वहीं उर्सला में हाई ग्रेड फीवर के नौ रोगी भर्ती किए गए। इसके अलावा चार रोगी डेंगू के भर्ती हुए। इसके साथ ही यूडीएसपी पोर्टल में बुखार के 19 रोगियों की सूची जारी की गई। सोमवार को हैलट की मेडिसिन की ओपीडी में चार सौ रोगी आए। इनमें 120 रोगी बुखार के थे। डॉ. कुशवाहा और डॉ. प्रियदर्शी ने बताया कि हाई ग्रेड फीवर के बाद रोगियों के सांस तंत्र में दिक्कत होती है। लिवर के इंजाइम बढ़ जा रहे हैं।
डेंगू-मलेरिया का एक-एक, चिकुनगुनिया के तीन रोगी मिले
सोमवार को यूएसडीपी पोर्टल पर एक डेंगू, एक मलेरिया और तीन चिकुनगुनिया के रोगियों की सूची जारी की गई। डेंगू संक्रमित लखनपुर, मलेरिया संक्रमित जूही लाल कालोनी का रहने वाला है। इसके अलावा स्वरूपनगर, हर्षनगर और विकासनगर में चिकुनगुनिया संक्रमित मिले हैं। डेंगू संदिग्ध 51 रोगियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। 145 रोगियों के सैंपल मलेरिया की जांच के लिए भेजे गए।