Kanpur: अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में 2024 के लिए भाजपाइयों में खींचतान, भोले के लिए चुनौती बन रहे हैं सांगा
Kanpur News: 2024 के लिए सांसद भोले तीसरी बार दावेदारी मजबूत करने के लिए चौतरफा नेटवर्क बनाने में जुटे हैं। इस बीच अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के विधायक अभिजीत सिंह सांगा भोले के लिए चुनौती बन रहे हैं।
विस्तार
कानपुर महानगर लोकसभा की तरह पड़ोस के अकबरपुर-रनियां लोकसभा क्षेत्र में भी 2024 के लिए भाजपा के भीतर ही खींचतान शुरू हो गई है। चुनाव में दावेदारी मजबूत करने के लिए पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं में यह खींचतान वैसे तो पिछले करीब छह महीने से अंदर ही अंदर ही चल रही थी, लेकिन 24 सितंबर से यह खुलकर सामने आ गई। इसमें कुछ भाजपा नेता जमीन पर उतर आए हैं।
वहीं, पार्टी के कई ऐसे नेता भी अपनी दावेदारी में लगे हैं, जिनका नाम पार्टी के अंदर और उनके समर्थकों की जुबान पर चल रहा है। सांसद देवेंद सिंह भोले पिछली दो लोकसभा चुनाव से लगातार अकबरपुर-रनियां सीट से भाजपा के टिकट से जीत रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस से राजाराम पाल यहां से सांसद थे। उससे पहले बसपा से अनिल शुक्ल वारसी सांसद चुने गए थे। वर्तमान में राजाराम पाल सपा से अपनी तैयारी में जुटे हैं।
वहीं, अनिल शुक्ल वारसी भाजपा में आकर एक मौके की तलाश कर रहे हैं। अनिल की पत्नी प्रतिभा शुक्ला चूंकि प्रदेश सरकार में मंत्री हैं, इस वजह से भी उन्हें भाजपा में अपने लिए टिकट की उम्मीद कम दिख रही है। 2024 के लिए सांसद भोले तीसरी बार दावेदारी मजबूत करने के लिए चौतरफा नेटवर्क बनाने में जुटे हैं। इस बीच अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के विधायक अभिजीत सिंह सांगा भोले के लिए चुनौती बन रहे हैं।
भोले के कार्यक्रम से एक दिन पहले सांगा ने निकाली यात्रा
सांसद भोले पिछले लंबे समय से अपनी माताजी की याद में पैतृक गांव कंचौसी में बड़ा राजनीतिक जलसा करते आ रहे हैं। इस जलसे में मंत्रियों को बुलाकर अपनी क्षमता क्षेत्रवासियों को दिखाते हैं। इस बार भी उन्होंने ऐसा ही किया। सांसद भोले के इस आयोजन से ठीक एक दिन पहले विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने देव दर्शन यात्रा के नाम पर 80 किमी लंबा वाहन जुलूस निकाला। बताया जाता है कि उनकी इस यात्रा में करीब दो सौ वाहन शामिल हुए। यात्रा में लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थानों को उन्होंने कवर किया। इन दोनों के अलावा अकबरपुर लोकसभा सीट से दावेदारों में दो जनप्रतिनिधि और भाजपा के एक बड़े पदाधिकारी का नाम भी चर्चा में है।