कानपुर पुलिस की खुली पोल: एक ही रात में छह दुकानों में चोरी, थाना प्रभारी बोले- संदिग्धों से हो रही है पूछताछ
Kanpur Crime: थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि चोरों ने कई दुकानों में वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं। सभी दुकानदारों की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।
विस्तार
कानपुर में चकेरी अहिरवां चौकी क्षेत्र में शुक्रवार रात छह अलग-अलग दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इससे पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खुल गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी दुकानों में छानबीन की। साथ ही दुकानदारों से भी पूछताछ की गई है।
अहिरवां के संजीव नगर निवासी सूर्य प्रकाश सोनी की घर के नीचे ही नक्षत्र ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़ा और दुकान में रखे सोने व चांदी के आभूषण पार कर दिए। चोर दुकान से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए।
शनिवार सुबह जब इलाके के लोगों ने देखा, तो उन्हें सूचना दी। सूर्य प्रकाश ने बताया कि चोर करीब डेढ़ से दो लाख का माल पार कर ले गए हैं। वहीं, श्याम नगर निवासी अविनाश तिवारी के अहिरवां स्थित मेडिकल स्टोर का भी शटर तोड़कर 20 हजार और बीपी नापने की मशीन पार कर ले गए।
चोरों ने कई दुकानों को बनाया है निशाना
अहिरवां निवासी गौरव कुशवाहा के वीआर स्मार्ट मार्ट से भी 20 हजार का सामान और 15 हजार रुपये चुरा लिए। फिर चकेरी मोड़ निवासी गुलाब सिंह की घर के नीचे स्थित जनरल स्टोर का शटर तोड़ 42 हजार रुपये और दो हजार की कीमत का सामान पार कर ले गए।
सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुए हैं बदमाश
उससे कुछ दूरी पर विपिन कुशवाहा के मकान के बगल में स्थित उनकी ग्रॉसरी की दुकान से 5500 रुपये, वेल्डिंग मशीन, लैपटॉप और एक फोन चुराकर ले गए। सूचना पाकर सभी दुकानों में पुलिस पहुंची और छानबीन की। वही दो चोर कुछ दुकानों में चोरी करते हुए सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुए हैं।
दुकानदारों की तहरीर पर मामला दर्ज
इसके बाद एक और दुकान में चोरी के अलावा दो घरों से पांच मोबाइल चोरी का मामला चकेरी थाने पहुंचा। फुटेज के आधार पर रामादेवी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दो आरोपियों को भी पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि सभी दुकानदारों की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।