UP: सोशल मीडिया के जरिये सटोरियों के चक्कर में फंसा था छात्र, हॉस्टल में की थी खुदकुशी...परिजन शव लेकर रवाना
Kanpur News: काकादेव के हॉस्टल में प्रतियोगी छात्र के खुदकुशी करने के मामले में परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव लेकर रवाना हुए। डीसीपी सेंट्रल आरके गौतम ने बताया कि छात्र के कमरे से मिले सुसाइट नोट में सट्टे या ऑन लाइन गेम में रुपये हारने का जिक्र नहीं है। फिर भी उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म को देखा जा रहा है।
विस्तार
कानपुर में काकादेव में ऑनलाइन सट्टे में रुपये हारने पर खुदकुशी करने वाला प्रतियोगी छात्र नवनीत इंस्टाग्राम के जरिये सटोरियों के चक्कर में फंसा और फिर उबर नहीं सका। दोस्तों से उधार लेने के साथ ही उसने अपने घर से अतिरिक्त खर्च लेना शुरू कर दिया था।
शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता ने बिलखते बोले, अगर पता होता कि बेटा ऐसे भंवर में फंसा हुआ है, तो उसे अपने पास बुला लेते। काकादेव स्थित एक हॉस्टल में शुक्रवार शाम बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के रुपमपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान लालता प्रसाद शाक्य के बेटे नवनीत (19) ने फंदा लगाकर जान दे दी थी।
लालता अपने बड़े बेटे निर्देश को दिल्ली में सिविल सर्विसेज व नवनीत को शहर में नीट की तैयारी करा रहे थे। काकादेव में नवनीत अपने हमउम्र चाचा संदीप के साथ हॉस्टल में रहता था। पिता ने बताया कि सप्ताह भर पहले नवनीत ने छह हजार रुपये मांगे थे, जो उन्होंने तीन दिन पहले बेटे के खाते में भेजे थे।
5000 रुपये मुनाफा कमाने का लालच दिया
एक अन्य चाचा संजय ने बताया कि नवनीत ने उन्हें भी ऑनलाइन गेमिंग में पैसे लगाने पर मुनाफा कमाने की जानकारी दी थी। ट्रेडर विजय नाम की इंस्टाग्राम आईडी के विषय में बताया था। इसमें कम रुपये देकर ज्यादा मुनाफा कमाने के कई वीडियो पड़े हैं। वहीं, गांव के एक रिश्तेदार ने भी नवनीत द्वारा उन्हें ट्रेडर विजय नाम की आईडी से संपर्क करने के लिए कहा था, जिसमें 500 रुपये के निवेश पर 5000 रुपये मुनाफा कमाने का लालच दिया गया था।
सुसाइट नोट में सट्टे या ऑन लाइन गेम में रुपये हारने का जिक्र नहीं
इधर, डीसीपी सेंट्रल आरके गौतम ने बताया कि छात्र के कमरे से मिले सुसाइट नोट में सट्टे या ऑन लाइन गेम में रुपये हारने का जिक्र नहीं है। फिर भी उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म को देखा जा रहा है। अगर ऑन लाइन गेमिंग की बात सामने आई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।