Chitrakoot: दुकानदार ने दो बच्चों पर फेंका खौलता तेल, हालत गंभीर...आरोपी फरार, शराब न बेचने की बात पर था भड़का
Chitrakoot Crime: पुलिस को देखते ही दुकान छोड़कर आरोपी मोनू भाग निकला। थाना प्रभारी ने बताया कि अमर नाथ की तहरीर पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में समोसे की दुकान पर शराब बेचने का आरोप लगाने पर भड़के दुकानदार ने खौलता तेल फेंक दिया। आरोप लगाने वाला युवक तो हट गया, लेकिन साथ खड़े उसके दोनों बच्चे खौलते तेल से झुलस गए। दोनों बेहोश हो गए। इससे खलबली मच गई। बच्चों को लेकर पिता अस्पताल पहुंचा।
आरोपी के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस के आने के पहले आरोपी भाग निकला। मामला मऊ थाना क्षेत्र के बलौरा गांव का है। गांव के अमरनाथ कोटार्य ने बताया कि सोमवार को वह अपने बच्चों अमन (7) और चमन (4) को लेकर गांव के मोनू निषाद उर्फ बउआ की दुकान पर समोसा लेने गया था।
दुकान पर शराब बेचने की जानकारी पर उसने दुकानदार को टोका। चेतावनी दी कि शराब बेचना बंद नहीं किया तो पुलिस से शिकायत की जाएगी। इससे भड़के दुकानदार ने कड़ाही में खौलता तेल उस पर फेंक दिया। वह तो हट गया, लेकिन खौलता तेल उसके बच्चों पर पड़ गया, जिससे वे बेहोश हो गए।
दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश जारी
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को मऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया। अमन को तो होश आ गया, लेकिन चमन की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही मऊ थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस को देखते ही दुकान छोड़कर आरोपी मोनू भाग निकला। थाना प्रभारी ने बताया कि अमर नाथ की तहरीर पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।