Kanpur Brutality Case: बर्बरता का वीडियो बनाने का वाला गिरफ्तार, पुलिस को बताई सिलसिलेवार कहानी, पढ़ें क्या कहा
Kanpur News: काकादेव में नाबालिग छात्र संग हुई बर्बरता का वीडियो बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। औरैया का रहने वाला है आरोपी, जिसे पुलिस शुक्रवार को जुवेनाइल कोर्ट में पेश करेगी। मामले में अब तक सात गिरफ्तार हो चुके हैं।
विस्तार
कानपुर के काकादेव में नाबालिग छात्र संग हुई बर्बरता का वीडियो बनाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पकड़े गए आरोपी ने नाबालिग संग हुई बर्बरता की पूरी कहानी पुलिस को सिलसिलेवार बताई। पकड़ा गया आरोपी नाबालिग है।
इस लिए पुलिस उसे शुक्रवार को जुवेनाइल कोर्ट में पेश करेगी। रविवार को सात वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसमें एक नाबालिग छात्र के साथ कई युवक मारपीट करते नजर आ रहे थे। वीडियो में नाबालिग को निर्वस्त्र कर पीटने और चेहरे पर आग का स्प्रे करके उसे जलाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, दो वीडियो में नाबालिग के नाजुक अंग में ईंट बांधकर लटकाया गया है। काकादेव पुलिस ने नाबालिग छात्र के परिजनों की तहरीर पर मंगलवार को मामला दर्ज किया था। साथ ही छह आरोपियों तन्मय चौरसिया, अभिषेक कुमार वर्मा, योगेश विश्वकर्मा, संजीव कुमार यादव, हरगोविंद उर्फ केशव तिवारी और शिवा त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
तन्मय चौरसिया के कहने पर बनाए थे वीडियो
वहीं, पांच आरोपी फरार थे। इनमें से एक और आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम ने बताया कि आरोपी की उम्र करीब 17 साल है और वह औरैया के बिधूना का रहने वाला है। डीसीपी के मुताबिक आरोपी ने तन्मय चौरसिया के कहने पर वीडियो बनाए थे।
फरार आरोपियों की तलाश दबिशें दे रही हैं टीमें
इसके बाद में शिवा त्रिपाठी और केशव तिवारी ने उसके मोबाइल से वीडियो अपने मोबाइल पर ट्रांसफर करने के बाद उसके मोबाइल से डिलीट कर दिए थे। वारदात के बाद वह पकड़े जाने के डर से औरैया भाग गया था। डीसीपी ने बताया कि बाकी चार फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिशें दे रही हैं।