युवती ने सिपाहियों को पीटा: भाई पर जानलेवा हमले की है आरोपी, इंस्पेक्टर से की गाली-गलौज, पढ़े पूरा मामला
फर्रुखाबाद जिले में भाई पर जानलेवा हमले की आरोपी युवती ने सिपाहियों को जमकर पीट दिया। साथ ही, इंस्पेक्टर से भी गाली-गलौज की। इसके बाद महिला थाने की पुलिस ने आरोपी पर काबू पाया। भाई और पुलिस की ओर से युवती पर मारपीट और वर्दी फाड़ने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में भाई पर जानलेवा हमले की आरोपी युवती ने थाने में महिला सिपाहियों को पीट दिया। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर से गाली-गलौज की। युवती को काबू करने के लिए महिला थाने से फोर्स बुलाया गया। भाई और पुलिस की ओर से युवती पर मारपीट, वर्दी फाड़ने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शहर के मोहल्ला अस्तबल तराई निवासी आकाश राजपूत ने अपनी बहन आरती को रविवार सुबह साढ़े 10 बजे किसी बात को लेकर टोक दिया। इससे वह गुस्सा गई और जान से मारने की नियत से गला दबा लिया। चीखने पर पहुंचे बड़े भाई जयकिशन ने बमुश्किल बचाया।
पीड़ित ने बहन पर जानलेवा हमला की रिपोर्ट लिखाई। दोपहर में दरोगा सुरेश सिंह चाहर महिला सिपाही आरती, वैशाली, बबली राखी ने आरती राजपूत को घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। आरती को जब थाने के गेट पर अंदर ला रहे थे, तभी महिला सिपाहियों से गाली-गलौज करने लगी।
मना किया, तो उसने महिला सिपाही आरती की वर्दी फाड़ दी। बचाने पहुंची अन्य सिपाहियों के साथ मारपीट करने लगी। उसने भागने का प्रयास किया, तो बमुश्किल पकड़ लिया गया। इसी दौरान महिला थाने की पुलिस भी बुला ली गई। इसी दौरान सूचना पर इंस्पेक्टर आमोद कुमार सिंह पहुंचे।
उन्होंने युवती को समझाने का प्रयास किया, तो वह गाली-गलौज करने लगी। बमुश्किल उसे काबू में किया गया। मारपीट की शिकार महिला सिपाहियों की ओर से आरती पर मारपीट, हाथापाई, वर्दी फाड़ने, अभिरक्षा से भागने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस युवती से पूछताछ कर रही है।