Kanpur: युवक की फांसी से हुई थी मौत, महिला की मौत का नहीं खुला राज, जानें क्या है बड़ा सवाल
Kanpur News: बिधनू थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोनू और सीमा दोनों के मोबाइल मिल गए है।प्राथमिक जांच में दोनों के मोबाइल में कुछ भी संदिग्ध नही मिला है। आला अफसरों के आदेश पर दोनों मोबाइल का सीडीआर और डाटा रिकवर कराकर घटना से जुड़े साक्ष्य इकठ्ठा किए जाएंगे।
विस्तार
कानपुर के बिधनू थानाक्षेत्र में कडरी चंपतपुर गांव के बाहर श्मशान घाट के पास पेड़ पर फंदे के सहारे लटके मिले युवक की हैंगिंग (फांसी) से मौत हुई थी। बुधवार को हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। वहीं, विवाहित युवती की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। ऐसे में जहरीले पदार्थ का सेवन करने की जांच के लिए दोनों के बिसरा को सुरक्षित किया गया है।
वहीं, दुष्कर्म की जांच के लिए महिला की स्लाइड भी बनाई गई है। पुलिस का कहना है कि प्रेमी युगल का बिसरा और महिला की स्लाइड को विशेषज्ञ से जांच कराने के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। बता दें, कडरी गांव निवासी ट्रक चालक सोनू यादव (32) के गांव की ही सीमा दिवाकर (30) से प्रेम संबंध थे।
सीमा की 2012 में कानपुर देहात के नसरतपुर में शादी हो चुकी थी और दो बेटियां व एक बेटा है। सीमा करीब एक माह पहले मायके कडरी गांव आई थी। 14 जुलाई की शाम सात बजे सीमा अचानक लापता हो गई। पिता मिहीलाल ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। वहीं, सोनू एक महीने पहले ट्रक चलाने की बात कहकर घर से निकला लेकिन तब से घर नहीं लौटा था।
पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच किया था पोस्टमार्टम
मंगलवार को श्मशान घाट के पास रामकरन मिश्रा के खेत में लगे शीशम के पेड़ से चुनरी के सहारे सोनू का शव फंदे से लटकता मिला था, जबकि सीमा का शव पेड़ से करीब 50 मीटर दूर एक खेत में पड़ा हुआ था। उसके चेहरे और हाथ व कंधे को जानवरों ने नोच खाया था। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच किया था।
दोनों के मोबाइल का डाटा रिकवर कराएगी पुलिस
बिधनू थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोनू और सीमा दोनों के मोबाइल मिल गए है।प्राथमिक जांच में दोनों के मोबाइल में कुछ भी संदिग्ध नही मिला है। आला अफसरों के आदेश पर दोनों मोबाइल का सीडीआर और डाटा रिकवर कराकर घटना से जुड़े साक्ष्य इकठ्ठा किए जाएंगे।
बड़ा सवाल- घर से निकलने के बाद सीमा और सोनू कहा रहे
सीमा के परिजनों मुताबिक सोनू करीब डेढ़ महीने से घर नहीं आया था। 14 जुलाई की शाम साढ़े सात बजे सीमा शौच की बात कहकर घर से निकल गयी थी। उससे पहले सीमा ने सोनू से मोबाइल पर काफी देर बात की थी। 15 की शाम 4 बजे तक घटनास्थल पर कुछ भी न मिलने के गवाहों के बाद पुलिस के लिए यह बड़ा सवाल है कि 14 जुलाई की शाम से दोनों कहां रहे। 16 जुलाई को दोनों के शव गांव के बाहर श्मशान घर के पास मिले थे।