कानपुर में आतंकी हमले की आशंका, निशाने पर एयरपोर्ट व धार्मिक स्थल, हाई अलर्ट जारी
कानपुर में आतंकी हमले की आशंका की खुफिया रिपोर्ट जारी होने के बाद शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। आतंकियों के निशाने पर चकेरी एयरपोर्ट और धार्मिक स्थल हैं। ऐसे में बुधवार को एयरपोर्ट पर सिविल पुलिस समेत सीआईएसएफ के जवानों ने चेकिंग शुरू की।
सैन्य इंटेलीजेंस, एटीएस समेत अन्य सुरक्षा व जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। एलआईयू भी शहर से इनपुट जुटाने में लगी है। खुफिया विभाग के इनपुट के मुताबिक आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद देश में बड़े हमले की फिराक में है।
वह अलग-अलग राज्यों के तीस शहरों के एयरपोर्ट, धार्मिक स्थल, प्रमुख बाजार समेत अन्य जगहों पर धमाका करने की तैयारी में हैं। इसमें कानपुर भी शामिल है।
गृह मंत्रालय से इनपुट आने के बाद शहर पुलिस समेत अन्य एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि एयरपोर्ट समेत शहर भर में चेकिंग कराई जा रही है।
इनपुट के मुताबिक हमलावर कोई पुरुष या महिला होने के साथ-साथ बच्चा भी हो सकता है। इसलिए किसी को भी नजरअंदाज न करने के हिदायत दी गई है। फिदायीन हमला भी हो सकता है। इसलिए सेना भी ऑरेंज लेवल पर अलर्ट है।
पुलिस की अपील: तुरंत दें सूचना
अगर शहर में कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे या कोई लावारिस बैग, साइकिल, मोटरसाइकिल, कार आदि दिखे तो बगैर देरी किए पुलिस को तुरंत सूचना दें।