Mahoba: कुएं में उतराता मिला छात्रा का शव, दो दिन से थी लापता, पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी…हत्या की आशंका
Mahoba News: मृतका के बाबा हरकिशोर ने नातिन की हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। कुछ दिन पहले भी छात्रा उसी कुएं में गिरी थी, तब ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था।
विस्तार
महोबा जिले में थाना श्रीनगर के तिंदौली गांव में दो दिन से लापता छात्रा का शव घर के पास स्थित कुएं में उतराता मिला। बाबा ने नातिन की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंच बारीकी से जांच की। तिंदौली निवासी राजकुमार राठौर भाजपा के शक्ति केंद्र प्रभारी हैं। उनकी दीक्षा (17) जीजीआईसी महोबा में कक्षा 11वीं की छात्रा थी।
16 दिसंबर की रात वह घर से लापता हो गई। खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न लगने पर 17 दिसंबर को पिता ने थाना श्रीनगर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार की सुबह छात्रा का शव घर के समीप बने कुएं में उतराता मिला। सूचना मिलते ही सीओ चरखारी रविकांत गोंड, थानाध्यक्ष शिवपाल सिंह व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।
हत्या कर शव फेंकने की आशंका
शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के बाबा हरकिशोर ने नातिन की हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है। कुछ दिन पहले भी छात्रा उसी कुएं में गिरी थी। तब ग्रामीणों ने उसे बचा लिया था। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच कराई जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।