औरैया में छात्र की मौत का मामला: किडनी फेल होने से हुई थी मौत, डॉक्टरों की टीम जुटा रही साक्ष्य
औरैया जिले में शिक्षक की पिटाई से घायल हुए कक्षा दस के छात्र की मौत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। फिलहाल डॉक्टर्स की टीम साक्ष्य जुटा रही है और उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही तथ्यों की पुष्टि होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औरैया जिले में आदर्श इंटर कॉलेज के कक्षा 10 का छात्र निखित पहले से बीमार था, या फिर शिक्षक अश्वनी सिंह की पिटाई से मौत हुई। इसको लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं। इधर डॉक्टरों की आने वाली रिपोर्ट और उसे सार्वजनिक किए जाने का सभी को इंतजार है।
छात्र निखित के परिजनों ने सात सितंबर को स्कूल में शिक्षक अश्वनी सिंह द्वारा बुरी तरह से पीटने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके लगभग 19 दिन इलाज के बाद 26 सितंबर को छात्र की मौत हो गई। इसके बाद मामला और बढ़ गया।
छात्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद से अधिकारी आरोप और इलाज के दौरान आई रिपोर्ट दोनों पर बारीकी से छानबीन करने में जुटे हैं। पुलिस और प्रशासन ने स्वास्थ्य अधिकारियों की मदद ली है। सूत्रों के मुताबिक पिटाई के बाद से ही छात्र का सीरम क्रिटनिन 11, ब्लड यूरिया 200 से ज्यादा था।
शरीर में संक्रमण बढ़ा और छात्र की हालत बिगडने के बाद मौत हो गई। एसपी चारू निगम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की एंटी मार्टम इंजरी नहीं पाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किडनी फेल होना बताया गया है। मारपीट के आरोप व अब तक मिले तथ्यों के आधार पर जांच कराई जा रही है।
डॉक्टरों की सलाह भी ली जा रही है। बीमारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए डॉक्टरों की टीम गठित की गई है, इसके लिए जिलाधिकारी को पत्रचार भी किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
बैशौली निवासी अनुसूचित जाति के छात्र निखित की मौत के मामले में घटना के चार दिन बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक अश्वनी सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी शिक्षक से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी चारू निगम ने बताया कि एसओजी व अछल्दा पुलिस टीम ने सर्विलांस व मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी शिक्षक से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। शिक्षक को गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल अछल्दा थाना प्रभारी ललित कुमार, निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, निरीक्षक सत्यप्रकाश, प्रवीण आदि शामिल रहे, जिन्हें 20 हजार रुपये ईनाम दिया गया है।
यह था मामला
बैशौली निवासी राजू दोहरे ने 24 सितंबर को अछल्दा थाने में एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें बताया कि बेटा निखित (16) आदर्श इंटर कॉलेज अछल्दा में कक्षा 10 का छात्र है। आरोप लगाया था कि बेटे निखित को सात सितंबर को आदर्श इंटर कॉलेज के सामाजिक विज्ञान के शिक्षक अश्वनी सिंह ने बुरी तरह से पीटा।
इसके बाद हालत बिगड़ गई। शिक्षक द्वारा इलाज के लिए रुपये देने का आश्वासन दिया गया। पहले 10 हजार और कुछ दिन बाद 30 हजार रुपये दिए गए। आराम न मिलने पर जब इलाज के लिए रुपये मांगे, तो शिक्षक ने गाली गलौज कर धमकी दी। एसपी के आदेश पर अछल्दा थाने में जानलेवा हमले, एससी/एसटी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी।