Kanpur: हूटिंग करने पर कबड्डी प्रतियोगिता में चले डंडे, आयोजकों ने बीच बचाव कर शांत करवाया मामला
Kanpur News: कानपुर टीम के खिलाड़ी ने हूटिंग कर रहे युवक को बाद में देख लेने की धमकी दी, तो विवाद हो गया। आयोजकों ने बीच-बचाव करके उस समय मामले को शांत करवाया।
विस्तार
कानपुर में किदवईनगर स्थित डॉ. चिरंजीलाल इंटर कॉलेज में सोमवार को हुई 51वीं सीनियर ओपन राज्य स्तरीय पुरुष जोन-बी कबड्डी प्रतियोगिता में हूटिंग करने पर खिलाड़ियों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें तीन खिलाड़ी घायल हो गए। आयोजकों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया।
सोमवार दोपहर गाजियाबाद और कानपुर टीम के बीच चल रहे मैच में गाजियाबाद टीम भारी पड़ रही थी। मैदान के बाहर बैठे शहर के कुछ खिलाड़ियों ने हूटिंग शुरू कर दी। गुस्साए कानपुर टीम के खिलाड़ी ने हूटिंग कर रहे युवक को बाद में देख लेने की धमकी दी, तो विवाद हो गया।
खिलाड़ियों पर लाठी-डंडों से हमला
आयोजकों ने बीच-बचाव करके उस समय मामले को शांत करवाया लेकिन, मैच खत्म होते ही कानपुर टीम के खिलाड़ियों ने फोन कर बाहर से 10-12 साथियों को बुला लिया और करीब ढाई बजे हूटिंग करने वाले खिलाड़ियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें तीन खिलाड़ी घायल हो गए।
तहरीर के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
तीनों खिलाड़ियों के सिर, कमर और पांव में चोटें आईं है। मारपीट की सूचना पर किदवईनगर पुलिस पहुंची तबतक आरोपी भाग निकले। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने कहा कि देर रात तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।