ओवरलोडिंग का खेल: ट्रक देख मंत्री भड़के, बोले- एआरटीओ को करें निलंबित, फटकार के बाद हरकत में आया विभाग
मंत्री का गुस्सा देख अफसर पर सकपका गए और तुरंत कार्रवाई में जुट गए। मंत्री के दिल्ली रवाना होते ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान शुरू हो गया जो रात करीब साढ़े आठ बजे तक चला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले में चल रहा ओवरलोडिंग का खेल शुक्रवार सुबह परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के सामने भी आ गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मानक से ज्यादा मौरंग लदे ट्रक देखकर मंत्रीजी का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित करने का मौखिक आदेश दिया। इसके बाद शुरू हुआ चेकिंग अभियान रात करीब साढ़े आठ बजे तक चलता रहा। कुल 44 ट्रक पकड़े गए। इनमें आठ को सीज कर दिया गया जबकि बाकी के पेपर ठीक होने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
मंत्री दयाशंकर सिंह शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे एक्सप्रेसवे से होकर लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। सैफई स्थित फूड प्लाजा पर वह रुके और जब कुछ देर बाद बाहर आए तो बाहर मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक खड़े देखे। यह देख वह भड़क गए। मौके पर मौजूद एआरटीओ प्रशासन बृजेश यादव को फटकार लगा दी। फिर एआरटीओ प्रवर्तन मोहम्मद कय्यूम के बारे में पूछा और मौके पर उन्हें पाकर निलंबित करने का मौखिक आदेश दिया।
एआरटीओ प्रशासन बृजेश यादव ने बताया कि सुबह मंत्री जी आए थे। ओवरलोड ट्रक देखकर नाराजगी जताई थी। एआरटीओ प्रवर्तन के खिलाफ मौखिक आदेश मंत्री ने दिया है। लिखित रूप से कोई भी आदेश नहीं मिला है। फिलहाल अभियान चलाकर आठ ओवरलोड ट्रकों को सीज किया गया है।
परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह का नाराजगी जताते हुए एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें वह ओवरलोड ट्रकों को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और एआरटीओ प्रशासन को कार्रवाई के आदेश दे रहे हैं।