Hamirpur: स्कूटी सवार सगे भाइयों को डंपर ने रौंदा, 50 मीटर तक घसीटा...छोटे भाई की मौत, बड़े की हालत गंभीर
Hamirpur News: कानपुर-सागर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसमें स्कूटी को गिट्टी लदे डंपर ने रौंद डाला। हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में कानपुर-सागर हाईवे पर स्कूटी को तेज रफ्तार ओवरलोड गिट्टी लदे डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा कुंडौरा गांव के बस स्टैंड के पास हुआ, जिसमें स्कूटी सवार दो सगे भाई डंपर के पहियों के नीचे आ गए। उनको डंपर करीब 50 मीटर तक घसीट ले गया। इस घटना में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जो जूही फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड था।
वहीं, बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, कस्बा सुमेरपुर के इमिलिया थोक निवासी बिंदा प्रसाद श्रीवास(53) अपने छोटे भाई रामबाबू श्रीवास (50) के साथ बिना हेलमेट लगाए स्कूटी से मुख्यालय जा रहे थे। हाईवे पर दोपहर करीब एक बजे कुंडौरा बस स्टैंड के पास कबरई से कानपुर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस घटना में दोनों भाई डंपर के पहियों में फंस गए, जिनको चालक 50 मीटर तक घसीट ले गया। इस घटना में रामबाबू की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर हेल्पर के साथ भाग निकला। घटना की सूचना पाकर क्राइम इंस्पेक्टर रामकुमार यादव, कस्बा इंचार्ज प्रमोद कुमार त्रिपाठी के साथ मौके पर पहुंचे।
शव को मोर्चरी में पहुंचाया, घायल अस्पताल में भर्ती
इसके बाद पहियों के मध्य फंसे रामबाबू के क्षत-विक्षत शव को निकाल कर मोर्चरी पहुंचाया और घायल बिंदा प्रसाद को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक रामबाबू जूही फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड था। मृतक अपने पीछे पत्नी राजरानी, पुत्र रवि व शिवेंद्र और पुत्री रूबी को छोड़ गया है। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।