Nikay Chunav: महापौर प्रत्याशी का टिकट घोषित होने के बाद घमासान, सत्यदेव पचौरी बोले- मैं इस निर्णय से खुश नहीं
कानपुर भाजपा में महापौर प्रत्याशी का टिकट घोषित होने के बाद भी पार्टी के अंदर घमासान मचा हुआ है। बेटी का टिकट कटने और प्रमिला पांडेय को टिकट मिलने के बाद सांसद सत्यदेव पचौरी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी के इस निर्णय से खुश नहीं हूं।
विस्तार
भाजपा में महापौर प्रत्याशी का टिकट घोषित होने के बाद भी पार्टी के अंदर घमासान मचा हुआ है। निवर्तमान मेयर प्रमिला पांडेय के दोबारा प्रत्याशी बनाए जाने की वजह से एक धड़ा उनके नामांकन में मौजूद नहीं रहा। सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि वह महापौर प्रत्याशी के टिकट को लेकर लिए पार्टी के निर्णय से खुश नहीं हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि यह फैसला महानगर की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है।
सांसद पचौरी यही पर नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह से टिकट बदला जाना राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का भी अपना है। नामांकन के आखिरी दिन भाजपा प्रत्याशी प्रमिला पांडेय के जुलूस के दौरान पार्टी के अधिकांश नेता नजर आए लेकिन सांसद पचौरी और उनके समर्थक वहां नहीं दिखे। इसे लेकर भी नामांकन के दौरान और उसके बाद राजनीतिक गलियारों में यही चर्चा रही। पार्टी प्रत्याशी के नामांकन जुलूस में मौजूद नहीं रहने की बात पर सांसद ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई।
इस वजह से वे जुलूस में शामिल नहीं हुए। गौरतलब है कि भाजपा से महापौर प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर सांसद पचौरी की बेटी नीतू सिंह का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ था। उन्होंने पांच दिन पहले से ही नामांकन पत्र लेकर पूरी तैयारी कर रखी थी। पार्टी के अंदर भी इसे लेकर एक स्वर से यही बात आ रही थी कि इस बार नीतू सिंह ही भाजपा की महापौर प्रत्याशी होंगी, लेकिन नामांकन के ठीक एक दिन पहले देर शाम पार्टी से जारी सूची में दोबारा प्रमिला पांडेय का नाम आने से पार्टी के अंदर हलचल मच गई। किसी को समझ ही नहीं आया कि अचानक से यह सब कैसे हुआ। इसे इस तरह से भी समझा जा सकता है कि नीतू सिंह के नामांकन को लेकर पूरी तैयारी हो चुकी थी।
किसको कहां रहना है, कौन क्या काम करेगा इसकी भी जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दे दी गई थी। इसके बावजूद अचानक से टिकट कटने से पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता सन्नाटे में दिखे। नीतू सिंह दरअसल संघ की पृष्ठभूमि से आती हैं। उनके नाम को प्रत्याशी के रूप में आगे लाने में कहीं न कहीं संघ की भूमिका भी बताई जा रही है। इसके बावजूद ऐन वक्त पर नीतू सिंह का टिकट कटने से अब पार्टी के अंदर नए तरीके की खींचतान शुरू हो गई है। पार्टी के फैसले से नाखुश सांसद पचौरी ने यह भी कहा कि वे भ्रष्टाचार के हमेशा खिलाफ रहे हैं, आगे भी रहेंगे।