Road Safety World Cricket Series: क्लूजनर की गेंदों पर चटकेगा तेंदुलकर का बल्ला, दस सितंबर से शुरू होगी सीरीज
ग्रीनपार्क में दस सितंबर से रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज शुरू होगी, जिसकी टीमें घोषित हो चुकी हैं। पहले टी-20 मैच में भारतीय टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में दस सितंबर से आठ देशों के बीच होने वाली रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के लिए टीमों की घोषणा बुधवार को कर दी गई। 15 सितंबर तक चलने वाली टी-20 सीरीज में पहला मैच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। दक्षिण अफ्रीका के तेज मध्यम गेंदबाज रहे लांस क्लूजनर की गेंदों पर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग का बल्ला चटकता नजर आएगा।
बुधवार को इन मैचों की तैयारियों को लेकर ग्रीनपार्क में बैठक की गई। जिलाधिकारी विशाख जी ने मैच का आयोजन कराने वाली कंपनी मैजेस्टिक लीजेंड स्पोर्ट्स के सदस्यों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। तय हुआ कि 70 प्रतिशत टिकट की ऑनलाइन बिक्री बुक माई शो से की जाएगी।
30 प्रतिशत टिकट क्यॉस्क लगाकर थानों के परिसर में बेचे जाएंगे। डीएम ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस मौके पर कंपनी के जयदीप मरार, अनस बगाई, कविता ऐडकर, पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी, एडीएम सिटी अतुल कुमार आदि मौजूद रहे। बता दें कि सभी मैच दूधिया रोशनी में होंगे।
इन टीमों के बीच होगा मुकाबला
भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश की टीमें ग्रीनपार्क आएगी।
सितंबर में इन तारीखों में होंगे मुकाबले
10 को भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका
11 को इंग्लैड बनाम वेस्टइंडीज और श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया
12 को न्यूजीलैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका
13 को इंग्लैड बनाम श्रीलंका
14 को भारत बनाम वेस्टइंडीज
15 को बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड
टीमों में शामिल प्रमुख खिलाड़ी
भारत: सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, मो. कैफ, नमन ओझा, मनप्रीत गोनी, प्रज्ञान ओझा, विनायक कुमार, स्टुअर्ट बिन्नी, इरफान पठान, यूसुफ पठान, सुरेश रैना आदि।
ऑस्ट्रेलिया : ब्रेट ली, शेन वाट्सन आदि।
न्यूजीलैंड : क्रिस मार्टिन, क्रेग मैकमिलन, स्कॉट स्टायरिश, डेनियल विटोरी, रॉस टेलर आदि।
इंग्लैड : केविन पीटरसन, जोनाथन ट्रॉट, मॉन्टी पनेशर, स्टीवन फिन आदि।
साउथ अफ्रीका : जांटी रोड्स, लांस क्लूजनर, मखाया एंटिनी, ग्रीम स्मिथ, जोहान बोथा।
वेस्टइंडीज : ब्रायन लारा, रिकार्डो पावेल, ब्रायन स्मिथ।
इसके अलावा बांग्लादेश टीम के खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
होटल लैंडमार्क में रुकेगी भारत और इंग्लैंड की टीम
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज दस सितंबर से शुरू होगी। होटल लैंडमार्क में भारत व इंग्लैंड के खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था की गई। यहां सौ कमरे बुक कराए गए है। सभी टीमें सात सितंबर को शहर पहुंच जाएंगी। आठ व नौ सितंबर को दूधिया रोशनी में खिलाड़ी ग्रीनपार्क में अभ्यास करेंगे।
सात को टीमें लखनऊ से पहुंचेंगी शहर
भारत, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश टीम के खिलाड़ी सात सितंबर को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे बस से शहर आएंगे।