Auraiya: रील बनाना पड़ा भारी! मालगाड़ी से कटकर किशोर की मौत, कान में लगी थी लीड...नहीं सुन सका हॉर्न
दिबियापुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में मालगाड़ी से कटकर किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कानों में लीड लगाए होने के चलते वो मालगाड़ी का हार्न नहीं सुन सका।
विस्तार
औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए रेलवे ट्रैक पर रील बनाने में किशोर मालगाड़ी की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। परिजनों के अस्पताल ले जाने तक उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया।
दिबियापुर के नई बस्ती मोहल्ला निवासी कुंवर सिंह दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता है। उसके चार बेटे दिबियापुर में रहकर पढ़ाई करते हैं। कुंवर सिंह के साले शैलेश ने बताया कि उसका तीसरे नंबर का भांजा रमाकांत उर्फ सौरभ (15) शहर के सेंट सांईनाथ स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था।
छुट्टी के चलते वह उसके साथ घर से रेलवे ट्रैक की ओर घूमने गए थे। जहां से वह शौच क्रिया के लिए चला गया। वापस लौटकर आया तो भांजा मालगाड़ी से टकराकर बुरी तरह घायल हालत में पड़ा मिला। शैलेश ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
हादसे से परिजनों में मचा कोहराम
मौके पर पहुंचे परिजनों के घायल को अस्पताल ले जाने लगे, जहां रास्ते में ही रमाकांत ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। सूत्रों के मुताबिक किशोर सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए फफूंद स्टेशन के पश्चिमी सिग्नल के पास डीएफसी ट्रैक पर पहुंच गया।
कानों में लगी थी लीड, नहीं सुन सका हॉर्न
रील बनाने के दौरान कानों में लीड लगाए होने की वजह से वह तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी के हार्न को नहीं सुन सका और मालगाड़ी की चपेट में आ गया। दिबियापुर थाना प्रभारी भोला प्रसाद रस्तोगी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों के पोस्टमार्टम न कराने की बात पर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।