बैंक के खाते में यदि आपने आधार कार्ड का नंबर लिंक कराया है तो बैंक जाकर यह जानकारी जरूर कर लें कि आपके आधार नंबर से ही बैंक खाता लिंक हुआ है या नहीं। दूसरे के आधार नंबर से लिंक होने से आपके खाते से रुपये निकल सकते हैं।
एसबीआई की कई शाखाओं में ऐसे मामले आने के बाद एसबीआई ने बैंक शाखाओं को एडवाइजरी जारी की है। एसबीआई के सूत्रों ने बताया कि 10 अगस्त को एक शाखा के मैनेजर के खाते से दो बार में 10 हजार रुपये निकल गए। यह रुपये इटावा के कस्टमर सेल प्वाइंट (सीएसपी) से निकाले गए। सीएसपी में एक बार में पांच हजार रुपये निकलते हैं। जब मैनेजर ने स्टेटमेंट चेक किया तो उन्हें रुपये निकलने की जानकारी मिली।
इसके बाद उन्होंने खाते को होल्ड करवा दिया और मामले की जानकारी उच्च अफसरों को दी। फिर जांच में पता चला कि उनके बैंक खाते में उनके आधार कार्ड के नंबर के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति का आधार लिंक हो गया था। यह आधार कैसे लिंक हुआ, इसकी जानकारी अभी नहीं हो पाई है।
इसी तरह दो अन्य मामले भी प्रकाश में आए हैं। इसके बाद एसबीआई मुख्यालय ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि जिस भी व्यक्ति का बैंक खाते से आधार लिंक है, वह एक बार बैंक से इस संबंध में जानकारी कर ले।
एटीएम में भी संभलकर करें लिंक
एटीएम से रुपये निकालने के दौरान जिन लोगों का बैंक खाता आधार कार्ड के नंबर से लिंक नहीं होता है, उनसे एटीएम में विकल्प पूछा जाता है। यदि आप हां का विकल्प चुनते हैं तो सावधानी के साथ आधार नंबर डालें। अनजाने में की गई लापरवाही आपको भारी पड़ सकती है।