कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में डीएवी कॉलेज और पीपीएन कॉलेज संयुक्त विजेता बने। शुक्रवार को वीएसएसडी कॉलेज में दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया लेकिन बारिश ने मैच का परिणाम नहीं निकलने दिया।
प्राचार्य प्रो. नीरू टंडन और आयोजन सचिव डॉ. विपेंद्र सिंह परमार ने टॉस कराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएवी कॉलेज की टीम ने 19 ओवर में विकास यादव के शानदार 70 रन की बदौलत 110 रन बनाए। इसी दौरान बारिश शुरू होने से खेल रोकना पड़ा। मौसम की स्थिति और आगे मैच नहीं हो पाने को देखते हुए आयोजकों ने दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया। समापन समारोह में डीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मनोज जौहरी और वीएसएसडी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. नीरू टंडन ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। डीएवी कॉलेज के विकास यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और पीपीएन कॉलेज के अनुभव को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला। आयोजन सचिव डॉ. विपेन्द्र सिंह परमार ने विवरण जबकि संचालन डॉ. अमिताभ तिवारी ने किया। इस अवसर पर प्रो. महेश चंद्र झा, डॉ. देवेश शुक्ला, डॉ. राघवेंद्र सिंह, डॉ. शशि रानी पाल, डॉ. अनिल द्विवेदी, डॉ. पंकज सिंह चंदेल, प्रो. नमन यादव, प्रो. स्वदेश श्रीवास्तव सहित दोनों महाविद्यालयों के कोच, मैनेजर, शिक्षक आदि मौजूद रहे।