Auraiya: रेलवे इंजीनियर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के दौरान हुआ हादसा
Auraiya News: घटना के बाद ट्रेन के चालक ने ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। साथ ही स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। इस बीच पीछे से आ रही महानंदा एक्सप्रेस आउटर पर खड़ी रही।
विस्तार
औरैया जिले में अछल्दा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जम्मूतवी-संभलपुर ट्रेन की चपेट में आने से सीनियर सेक्शन इंजीनियर की मौत हो गई। मृतक फफूंद रेलवे स्टेशन पर तैनात था और सोमवार की दोपहर ट्रैक पर चल रहे काम का निरीक्षण करने पहुंचा था। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने मौके पर जांच पड़ताल में जुटी है।
घटना के बाद जीआरपी परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। सहार कस्बे में दानशाह बंबा के पास रहने वाले वीरेंद्र कुमार (57) फफूंद रेलवे स्टेशन पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पर तैनात थे। सुबह लगभग वह अछल्दा रेलवे क्षेत्र के बैसोली में चल रहे ट्रैक का काम का निरीक्षण करने गए थे।
दोपहर लगभग 12 बजे वह ट्रैक का निरीक्षण कर रहे थे। तभी 12 बजकर 35 मिनट पर इटावा की तरफ से कानपुर की ओर जा रही 18310 जम्मूतवी-संभलपुर एक्सप्रेस जैसे ही खंभा नंबर 1117 / 18 और 1117 / 19 के बीच पहुंची ही थी। तभी वहां ट्रैक पर खड़े सीनियर सेक्शन इंजीनियर ट्रेन की चपेट में आ गए।
आउटर पर खड़ी रही महानंदा एक्सप्रेस
इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन के चालक ने ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। साथ ही स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। इस बीच पीछे से आ रही महानंदा एक्सप्रेस आउटर पर खड़ी रही।
परिजनों के पहुचंने का इंतजार कर रही है जीआरपी
लगभग 15 मिनट पर जम्मूतवी-संभलपुर एक्सप्रेस 12 बजकर 50 मिनट पर गंतव्य के लिए रवाना हुई। तभी महानंदा एक्सप्रेस भी आगे को रवाना हुई। घटना की सूचना जीआरपी ने मृतक के परिजनों को दे दी है। जीआरपी परिजनों के पहुचंने का इंतजार कर रही है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।