इटावा में रेलवे कर्मचारी ने की आत्महत्या: अवैध तमंचे से खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के इटावा में रेलवे कर्मचारी की आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वो बुधवार को ही दिल्ली से छुट्टी पर आया था। पुलिस के द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
विस्तार
इटावा जिले में फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के भगवान अड्डा में एक रेलवे कर्मचारी ने अवैध तमंचे से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जिस समय कर्मचारी ने खुद को गोली मारी उस समय मां और बहन केवल घर में मौजूद थीं।
सूचना पर पहुंचे अन्य परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से कर्मचारी को जिला अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवैध तमंचे को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच में जुट गई।
छुट्टी पर आया था कर्मचारी, घटना से परिजनों में हड़कंप
बता दें कि फेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के भगवान अड्डा निवासी 22 वर्षीय गौरव कुमार पुत्र मुख लाल सिंह बाथम दिल्ली में रेलवे का प्राईवेट कर्मचारी था। वह ट्रेनों में एसी रिपेयरिंग का काम करता था। कर्मचारी बुधवार को ही छुट्टी पर घर आया था। गुरुवार शाम सात बजे वह घर कर की छत था और मां कांती देवी व बहन लक्ष्मी नीचे किचन में काम रही थीं, जबकि उसके भाई और पिता फेरी करने गए हुए थे। इस दौरान कर्मचारी ने घर की छत पर अवैध तमंचे से सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
गोली की आवाज सुनते ही मां और बहन छत पर भाग कर गईं और बेटे को लहुलहुहान अवस्था में देख चिल्लाने लगीं। वहीं, गोली चलने की आवाज सुनकर आस पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और कर्मचारी के पिता और भाई को सूचना दी। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से निजी वाहन से कर्मचारी को जिला अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने अवैध तमंचे को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया मृतक छह भाईयों में पांचवें नंबर का था और घर में सबसे छोटी बहन लक्ष्मी है। मृतक के बड़े भाई सर्वेश की छह साल पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी।