यूपी: प्रो. रामगोपाल यादव का बड़ा बयान, बोले- पांच राज्यों के विस चुनावों में भाजपा को मिलेगी करारी हार
Etawah News: मेजर ध्यानचंद स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित 68वीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ है। इसमें इंडिया गठबंधन के प्रमुख घटक दल सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
विस्तार
इटावा जिले के सैफई में इंडिया गठबंधन के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने आने वाले दिनों में होने जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार का दावा किया। उन्होंने कहा कि नवगठित इंडिया गठबंधन को रिकार्ड मतों से जीत हासिल होगी। पांचो राज्यों में इंडिया गठबंधन की ही सरकार बनेगी।
सैफई के मेजर ध्यानचंद स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित 68 वीं जनपद स्तरीय एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस साल के आखिरी में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम जैसे पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहा है।
इन चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। जब विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आएगा, तो नतीजे देखने लायक होंगे। भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर जब बात की गई, तो उन्होंने कहा कि गांव में कहावत है पड़ोसी से शेर भर सोने के लिए भी मत बिगाड़िए, लेकिन लगातार पाकिस्तान से संबंध ठीक नहीं हैं।
खिलाड़ी कभी डिप्रेशन में नहीं जाते हैं
पाकिस्तान में भी हिंदुस्तान को गाली देकर सत्ता में आ जाते हैं और यहां तो यह हाल है कि चीन से कुछ नहीं कहेंगे पर पाकिस्तान की बात करेंगे। लोगों में हिंदू, मुस्लिम करने के लिए पाकिस्तान की चर्चा करते हैं। कहा कि खेल खेलने से शरीर ना केवल स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। खिलाड़ी कभी डिप्रेशन में नहीं जाते हैं।
स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रधानाचार्य भी नियुक्त नहीं हैं
पढ़ने वाले बच्चे जो आईएएस, आईपीएस बनना चाहते हैं। उनको भी लोग इतना नहीं जानते हैं, जितना खिलाड़ियों का नाम पूरी दुनिया में हो जाता है। कहा कि बनारस में तो डमरू की तर्ज पर स्टेडियम तैयार करवाया जा रहा है और सैफई में बने स्टेडियम के अनदेखी हो रही है। स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई में तो प्रधानाचार्य भी नियुक्त नहीं हैं। वर्षों से एसडीएम पर चार्ज है, जो खेलों के बारे में कुछ नहीं जानते।
सरकार की ओर से अनदेखी, छोटे मन की मानसिकता
सरकार की ओर से अनदेखी यह छोटे मन की मानसिकता है। लखनऊ मे बैठे जिम्मेदार लोगो का दिमागी स्वास्थ्य ठीक नहीं है। महिला आरक्षण बिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 के संसदीय चुनाव के लिए जल्दबाजी में किया है। 1984 में यह संविधान में लिखा गया था कि 2026 तक कोई भी संशोधन नहीं किया जा सकता है। न तो कोई सीट बढ़ सकती है और न ही कोई हेर फेर हो सकता है।
अस्पताल के निर्माण में अनदेखी कर रही है सरकार
अभी एससी महिलाओं का आरक्षण किया है। वह भी पुरुषों की सीटें काटकर किया गया है। इसको अब कोई स्वीकार नहीं करेगा। सैफई में अधूरे पड़े सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इसलिए इस अस्पताल के निर्माण में अनदेखी कर रही है कि यह नेताजी और अखिलेश यादव के गांव में बना हुआ है। जबकि सैफई में बनाए गए अस्पताल पूरे देश और प्रदेश के मरीजों का इलाज करने में जुटे हुए हैं।