President Visit: रामनाथ कोविंद के आगमन की जानकारी से परिजन खुश, भाभी बोलीं-ईश्वर से प्रार्थना लल्ला फिर से बने राष्ट्रपति
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के परौंख आगमन की जानकारी से परिजन बेहद खुश हैं। वहीं, उनके आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस क्रम में नगर आयुक्त ने किया राष्ट्रपति के रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूट से अतिक्रमण हटाने, पेंटिंग करवाने, अवैध होर्डिंग हटाने, सफाई आदि के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हमाए लल्ला (राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद) फिर से राष्ट्रपति बनें। इससे क्षेत्र का विकास हो। यही प्रार्थना पथरी देवी व ईश्वर से करती हूं। लल्ला को बचपन से बेटे की तरह पाला है और वह भी मुझे मां का दर्जा देते हैं। यह बातें राष्ट्रपति की भाभी विद्यावती कोविंद ने कहीं। उन्होंने बताया कि लल्ला ने आंख का ऑपरेशन कराने के लिए नौ मई को दिल्ली बुलाया था। वहीं पर उन्होंने ऑपरेशन कराया था। तब लल्ला ने कहा था कि जल्द ही हम परौंख आएंगे। अब वह तीन जून को गांव आ रहे हैं। उनसे परिवार के साथ मुलाकात होगी।
साथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करने का मौका मिलेगा। इससे परिवार के सभी सदस्य बहुत की उत्सुक हैं। पिछली बार जब लल्ला झींझक स्टेशन व परौंख आए थे, तब खूब विकास हुआ था। कस्बे में क्रॉसिंग की समस्या थी। उस पर भी काम चल रहा है। और भी विकास कार्य होंगे। रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। बता दें कि राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस क्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मर्चेंट चैंबर में आगमन के मद्देनजर गुरुवार को नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने प्रस्तावित रूटों का निरीक्षण किया। इन रूटों में अतिक्रमण हटाने, विशेष रूप से सफाई कराने, दीवारों में पेंटिंग हटाने के निर्देश दिए। वहां अवैध विज्ञापन पट हटाए गए।
राष्ट्रपति 3 और 4 जून को यहां आ रहे हैं। इसलिए नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान ग्रीन पार्क चौराहे से सरसैयाघाट चौराहे तक सड़क के दोनों किनारों (डिवाइडर सहित) पर पानी छिड़काव, पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। मर्चेंट चैंबर, वीआईपी रोड से मेघदूत तिराहे तक, माल रोड में मुरे कंपनी पुल की ओर यूनीपोल, पुल पर जगह-जगह अवैध रूप से लगीं होर्डिंग, बैनर तत्काल हटाने को कहा।
मेघदूत तिराहे से झाड़ी बाबा से पनचक्की चौराहा, नरौना चौराहे तक स्मार्ट रोड की ग्रिल के आसपास अतिक्रमण हटेगा। इसी तरह वीआईपी रोड, झाड़ीबाबा चौराहा, पुरानी चुंगी से नई चुंगी जाजमऊ, हरजेंद्रर नगर चौराहे से चकेरी एयरपोर्ट तक जगह-जगह दिखे छुट्टा मवेशियों को तत्काल पकड़ने, हाइवे के नीचे ग्रीनबेल्ट साफ कराने, अतिक्रमण हटाने को कहा।
कूड़े अड्डे पर व्यू कटर लगेंगे। जेके कालोनी के पास सांई मेडिकल स्टोर के सामने धंसा मेनहोल का ढक्कन ठीक होगा। हरजेंद्रर नगर चौराहे से एयरफोर्स स्टेशन तक डिवाइडर की धुलाई, पेंटिंग होगी। एयरफोर्स स्टेशन के पास बाउंड्री बनाने के भी निर्देश दिए।