Hamirpur: करंट की चपेट में आकर गर्भवती की मौत, घर मे झाड़ू लगाने के दौरान कूलर से लगा करंट, जांच में जुटी पुलिस
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आकर गर्भवती महिला की मौत हो गई है। परिजन उसे आनन फानन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाए। यहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरवा गांव में घर में झाड़ू लगाते समय गर्भवती महिला कूलर में उतर रहे करंट की चपेट में आ गई। बेहोशी की हालत में उसे पीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से मायके के लोगों को सूचना दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मायका पक्ष आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराए जाने का फैसला लिया जाएगा। चंदपुरवा गांव निवासी समद खान ने बताया कि उसकी पत्नी सबीना(26) गर्भवती है और 30 जून तक प्रसव होने की उम्मीद है। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे वह घर में झाड़ू लगा रही थी।
तभी कूलर में उतर रहे करंट की चपेट में आ गई, जिससे वह बेहोश होकर वहीं गिर गई। महिला की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आनन फानन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाए। यहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
दंपती का पहला होने वाला बच्चा था
मृत घोषित करने पर परिजन उसे तत्काल गांव वापस ले जाने लगे, लेकिन मामला पुलिस के संज्ञान पर आने पर उन्होंने शव को रोक लिया और मायके पक्ष के आने का इंतजार करने लगे। पुलिस का कहना है कि जब तक मायके पक्ष के लोग नहीं आ जाते। तब तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं कराया जाएगा। पति ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व शादी हुई थी। यह उनका पहला बच्चा होने वाला था।