Kanpur: 36 सबस्टेशनों में दोगुनी होगी पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता, गर्मी में नहीं होगी ओवरलोडिंग की समस्या
Kanpur News: कानपुर के 36 सब स्टेशन ओवरलोड मिले। उन पर 65 से 70 फीसदी अधिक भार पाया गया। यह ओवरलोड ट्रांसफार्मर पांच एमवीए क्षमता के हैं। अब इनकी क्षमता दोगुनी करने की तैयारी है।
विस्तार
कानपुर के गर्मी में बिजली कटौती से निपटने की तैयारी केस्को ने शुरू कर दी है। शहर में 36 सबस्टेशनों के पावर ट्रांसफार्मर ओवरलोड चिह्नित किए गए हैं। इनकी क्षमता दोगुनी की जाएगी। गर्मियों में पंखे, कूलर और एसी चलाने से घरों का लोड बढ़ जाता है।
इसकी वजह से ट्रांसफार्मर, लाइन और सबस्टेशन में लगे पावर ट्रांसफार्मर के लोड में बढ़ोतरी होती है। अधिक लोड बढ़ने से कई बार पावर ट्रांसफार्मर फुंक जाते हैं। इनको बदलने और मरम्मत करने में काफी समय लगता है, जिससे काफी बड़े क्षेत्र की बिजली सप्लाई प्रभावित होती है।
केस्को ने इस बार शहर के पावर ट्रांसफार्मरों का आकलन किया। एक्सईएन, एसडीओ और जेई से गर्मी और सर्दी के लोड की रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसके आंकड़े चौकाने वाले आए। कानपुर के 36 सब स्टेशन ओवरलोड मिले। उन पर 65 से 70 फीसदी अधिक भार पाया गया। यह ओवरलोड ट्रांसफार्मर पांच एमवीए क्षमता के हैं। अब इनकी क्षमता दोगुनी करने की तैयारी है।
इन सबस्टेशनों के पावर ट्रांसफार्मर ओवरलोड
बिजलीघर, जरीबचौकी, माल रोड, आलू मंडी, म्योर मिल, कल्याणपुर।
दस एमवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता होगी चेक
शहर के अन्य सबस्टेशनों की क्षमता जांची जाएगी। कई सबस्टेशनों में दस एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। वहां ओवरलोड मिलने पर पूरे ट्रांसफार्मर को बदलने की तैयारी है। उनकी जगह नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे गर्मियों में काफी हद तक बिजली की समस्या दूर हो सकेगी।
शहर के 36 सब स्टेशनों के पावर ट्रांसफार्मर ओवरलोड मिले हैं। उनकी क्षमता में बढ़ोतरी की जाएगी। एक्सईएन, एसडीओ और जेई से सब स्टेशनों की रिपोर्ट मांगी गई थी। -श्रीकांत रंगीला, मीडिया प्रभारी केस्को