Poonam Pandey: कानपुर कनेक्शन खोजती रही पुलिस और खुफिया, जेसीपी बोले- किसी अस्पताल में नहीं हुई मौत की पुष्टि
Kanpur News: अभिनेत्री पूनम पांडे की कानपुर में इलाज के दौरान मौत की खबर सोशल मीडिया पर वायरल रही। इसको लेकर पुलिस ने सक्रियता बरती और दिनभर पड़ताल करती रही। जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि शहर में उनका कोई निवास स्थान न होने का पता चला। वहीं, शहर के किसी अस्पताल में उनकी मौत की पुष्टि नहीं हुई।
विस्तार
कानपुर में सोशल मीडिया पर शुक्रवार को अभिनेत्री पूनम पांडे की कानपुर में इलाज करवाने के दौरान सर्वाइकल कैंसर से मौत की सूचना के बाद पुलिस और खुफिया विभाग सक्रिय हो गया। टीमें दिनभर उनका कानपुर कनेक्शन खोजने का प्रयास करती रही, लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लगी।
दिनभर की मशक्कत के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि पूनम पांडे का कानपुर से कोई नाता नहीं है। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सुबह से ही पूनम पांडे की मौत की खबर वायरल हुई। खबरों में कहीं पूनम का काल्यणपुर तो कहीं बर्रा स्थित एक मकान में मौत की जानकारी दी जा रही थी।
खबरों के वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों ने भी अभिनेत्री का पता लगा शुरू किया। स्थानीय पुलिस के साथ खुफिया विभाग को सक्रिय किया गया। सोशल मीडिया की खबर में लिखे गए पते के अलावा टीमें अपने सूत्रों की मदद से अभिनेत्री का पता लगाने का प्रयास करते रहे।
किसी अस्पताल में मौत की पुष्टि नहीं हुई
दिन भर की कवायद के बाद पूनम का कानपुर से कोई नाता न होने की पुष्टि हुई, तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि मीडिया से पूनम पांडे की मौत की खबर मिली थी। इसके बाद उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया गया था, लेकिन शहर में उनका कोई निवास स्थान न होने का पता चला। वहीं, शहर के किसी अस्पताल में उनकी मौत की पुष्टि नहीं हुई।