UP: पुलिस ने जलती चिता को बुझाया…शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
Kanpur News: थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक की पत्नी के आरोप पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर के सनिगवां में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने सिद्धनाथ घाट पहुंचे और चिता को मुखाग्नि दे दी। तभी सूचना पाकर मायके से ससुराल पहुंची पत्नी ने पति की हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। घाट पर पहुंची पुलिस ने समर्सिबल पंप से जलती चिता को बुझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सनिगवां निवासी सोहन लाल द्विवेदी (32) बिजली मैकेनिक थे। परिवार में पत्नी नीलम और तीन बेटियां हैं। बताया गया कि इसी घर में सोहनलाल का छोटा भाई ज्ञानी उर्फ मोहन भी अपने परिवार के साथ रहता है। पत्नी नीलम ने बताया कि कुछ दिन पहले वह बेटियों के साथ मायके बिहार के गया जिले गई थी। बीती नौ अप्रैल को उन्हें सूचना मिली कि पति की मौत हो गई है।
अंतिम संस्कार करने सिद्धनाथ घाट पहुंच गए थे परिजन
इसके बाद 10 अप्रैल की रात को वह अपने भाई के साथ ससुराल पहुंची। यहां पर देवर मोहन ने बताया कि सुबह बिस्तर से सोकर नहीं उठे, तो कमरे में जाकर देखा। यहां पर सोहन मृत पड़े हुए थे। नीलम ने बताया कि देवर शुक्रवार सुबह आनन फानन परिवार के साथ शव को अंतिम संस्कार करने सिद्धनाथ घाट पहुंच गए। नीलम के रोकने पर भी वे लोग जल्दी अंतिम संस्कार करने की बात पर अड़ रहे।
सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान
इस पर नीलम के भाई प्रदीप ने डायल 112 मिलाकर पुलिस को सूचना दी। आनन फानन पुलिस घाट पहुंची, जहां पर शव को मुखाग्नि दी जा चुकी थी। फिर पुलिस ने समर्सिबल पंप से पानी डालकर चिता को बुझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नीलम का आरोप है कि उनके पति की संदिग्ध परीस्थितियों में मौत हुई है। पति के सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान हैं।