पुलिस ने नेहा राठौर से पूछा गाने में का बा?: मड़ौली अग्निकांड का लोकगीत विवाद, अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना
मड़ौली अग्निकांड के मामले में यूपी में का बा' फेम सिंगर नेहा सिंह राठौर को यूपी पुलिस ने नोटिस भेजा है। नोटिस में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए नेहा के वीडियो के बारे में कई बिंदुओं पर विवरण मांगा है। वहीं, अखिलेश यादव ने नोटिस भेजने पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
विस्तार
कानपुर देहात में रूरा थाना के मड़ौली गांव में अफसरों के सामने मां बेटी की जलकर मौत हो गई थी। लोक गायिका नेहा राठौर ने इसी घटना क्रम पर यूपी में का बा... गीत गाकर यू टयूब व टवीटर एकाउंट पर पोस्ट किया था, जो वायरल हो गया। अब इसे माहौल बिगाड़ने की कोशिश करार देकर पुलिस ने उन्हें नोटिस दिया है।
लोक गायक नेहा राठौर जिला आंबेडकर नगर की अकबरपुर कोतवाली के शहजादपुर में इंद्रलोक कॉलोनी निवासी हैं। कानपुर देहात में अकबरपुर कोतवाल प्रमोद कुमार शुक्ल ने वायरल हुए गीत पर उन्हें नोटिस जारी कर 7 बिंदुओं पर तीन दिन में जवाब मांगा है।
नोटिस में कहा गया है कि आपके इस गीत के कारण समाज में वैमनस्य और तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई। इसलिए यूपी में का बा ... गीत पर स्थिति स्पष्ट किया जाना न्यायोचित है। यदि आपका जवाब संतोषजनक नहीं होता है, तो आपके विरुद्ध आईपीसी/सीआरपीसी की सुसंगत धाराओ में न्यायोचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नेहा राठौर को नोटिस पर अखिलेश का सरकार पर निशाना
सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार ने बताया कि सीआरपीसी की धारा 160 के तहत नोटिस दी गई है। नोटिस का जवाब मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नोटिस देने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा कि यूपी में का बा, यूपी में झुठ्ठे केसों की बहार बा, यूपी में गरीब-किसान बेहाल बा, यूपी में पिछड़े-दलितों पर प्रहार बा, यूपी में कारोबार का बंटाधार बा, यूपी में भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार बा, यूपी में बिन काम के बस प्रचार बा, यूपी में अगले चुनाव का इंतजार बा, यूपी में अगली बार भाजपा बाहर बा।
अधिकार सेना के प्रमुख व पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने वीडियो ट्वीट कर कहा कि नेहा सिंह राठौर को नोटिस दिए जाने की निंदा करता हूं। यह मौजूदा सरकार की मानसिकता को सामने लाता है। बता दें कि 'यूपी में का बा' फेम सिंगर नेहा सिंह को सीआरपीसी की धारा 160 के तहत नोटिस दिया है।
ये सवाल पूछे गए
- क्या वीडियो में आप स्वयं हैं या नहीं।
- यदि वीडियो में आप स्वयं है तो स्पष्ट करें कि क्या ये वीडियो आपके द्वारा यू ट्यूब और टवीटर पर स्वयं की ईमेल आईडी से अपलोड किया गया है अथवा नहीं।
- क्या नेहा सिंह राठौर चैनल और टवीटर एकाउंट आपके हैं अथवा नहीं तो क्या आपके द्वारा इनका प्रयोग किया जाता है अथवा नहीं।
- वीडियो में प्रयुक्त किए गए गीत के शब्द क्या आपने खुद लिखे अथवा नहीं।
- यदि उक्त गीत आपने लिखा है तो क्या आप स्वयं इसे प्रमाणित करतीं हैं।
- यदि उक्त गीत किसी अन्य ने लिखा है तो क्या आप उक्त लेखक से उसकी पुष्टि/सत्यापित कराया गया है अथवा नहीं।
- उक्त गीत से उत्पन्न भावार्थ से समाज पर पडने वाले प्रभाव से आप भिज्ञ हैं अथवा नहीं।