कन्नौज: पुलिस अभिरक्षा से भागा पॉक्सो आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार; पैर में लगी गोली
Kannauj News: पुलिस अभिरक्षा से फरार पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को सौरिख पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दानपुर गांव में पानी की टंकी के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
विस्तार
घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी सौरिख भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुरवानैन गांव निवासी अंकुल (25) पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त को न्यायालय में पेश करने के बाद अंगूठा छाप की कार्रवाई के लिए उसे कार्यालय ले जाया गया था। इसी दौरान शौच जाने का बहाना बनाकर वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अभिरक्षा से फरार हो गया था। मामले में कोतवाली कन्नौज में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे सूचना मिली कि आरोपी सौरिख क्षेत्र के दानपुर गांव में पानी की टंकी के पास मौजूद है। सूचना पर सौरिख पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी सौरिख ले जाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है। बरामद तमंचा और कारतूस कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसओजी-सर्विलांस टीम ने की।