Kanpur: ईशन नदी पर बन रहे चेकडैम का हिस्सा बारिश में बहा, 52 लाख की लागत से साल भर पहले शुरू हुआ था निर्माण
Kanpur News: लघु सिंचाई विभाग के जेई आयुष पटेल ने बताया कि रविवार को सूचना मिलने पर उन्होंने महिगवां ईशन नदी पर चेकडैम का निरीक्षण किया। अभी क्या टूटा है, यह स्पष्ट नहीं है। तेज बारिश होने से पूरा चेकडैम जलमग्न है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में बिल्हौर के महिगवां गांव में ईशन नदी पर लगभग 52 लाख की लागत से बन रहे चेकडैम का बड़ा हिस्सा रविवार को हुई बारिश में बह गया। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर लघु सिंचाई विभाग के जेई ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जेई का कहना है कि बारिश से चेकडैम जलमग्न होने से कितना हिस्सा टूटा है, यह स्पष्ट नहीं हो रहा।
ईशन नदी में हर साल आने वाली बाढ़ व गर्मियों में सिंचाई की समस्या को लेकर ग्रामीण अरसे से सांसद व विधायक से चेकडैम निर्माण की मांग कर रहे थे। महिगवां गांव के ग्राम प्रधान अजीत सिंह राजावत ने बताया कि शासन से आए निर्देश के बाद लगभग एक वर्ष पहले चेकडैम का निर्माण शुरू था, जो अभी निर्माणाधीन है।
कार्यदायी संस्था लघु सिंचाई विभाग इसका निर्माण करा रही है। चेकडैम के निर्माण के लिए कई किसानों ने अपनी भूमि भी दी है। रविवार को हुई बारिश में चेकडैम का काफी हिस्सा टूटकर बह गया। गांव के सुधीर, धर्मेंद्र, टिंकू यादव, पंकज व सुरेश ने बताया कि बारिश के कारण ईशन नदी के तेज बहाव में चेकडैम के पास के खेतों की मिट्टी व निर्माण की मोटी दीवार बह गई है।
ठेकेदार को जारी की गई है नोटिस
उधर, लघु सिंचाई विभाग के जेई आयुष पटेल ने बताया कि रविवार को सूचना मिलने पर उन्होंने महिगवां ईशन नदी पर चेकडैम का निरीक्षण किया। अभी क्या टूटा है, यह स्पष्ट नहीं है। तेज बारिश होने से पूरा चेकडैम जलमग्न है। पानी कम होने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि चेकडैम को नुकसान हुआ है तो ठेकेदार तीन वर्षों तक मरम्मत कार्य कराएगा। हालांकि ठेकेदार को नोटिस जारी की गई है। पानी कम होते ही मरम्मत कार्य करा दिया जाएगा।
महिगवां गांव के ईशन नदी पर बने चेकडैम निर्माण का कुछ हिस्सा बहने की ग्रामीणों से सूचना मिली है। इस पर डीएम कानपुर नगर और लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से रिपोर्ट तलब की है। यदि गड़बड़ी पायी गई, तो लापरवाही करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों से वसूली की जाएगी। -अशोक रावत, सांसद, मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र