Kanpur: 18 ट्रेनों का होगा पनकीधाम में ठहराव, अमृत भारत की सूची में शामिल है स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन की सूची में शामिल पनकीधाम स्टेशन में यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी। दरअसल, यहां श्रमशक्ति की तरह 18 ट्रेनों का ठहराव होगा। अप्रैल से इन ट्रेनों का लोड बढ़ सकता है।
विस्तार
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने आने वाले पनकी के आसपास के लोगों को बड़ी सुविधा मिल जाएगी। अमृत भारत स्टेशन की सूची में शामिल पनकीधाम रेलवे स्टेशन पर 18 ट्रेनों का ठहराव होगा। वित्तीय वर्ष 2023-24 में पनकीधाम रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने का बजट जारी कर दिया गया है।
अप्रैल से ट्रेनों का लोड बढ़ सकता है। यात्री सुविधाएं बढ़ने के बाद जिन प्रमुख ट्रेनों को पकड़ने के लिए कानपुर सेंट्रल जाना पड़ता है, वह पनकीधाम रेलवे स्टेशन से पकड़ सकेंगे। रेलवे ने इसका खाका तैयार कर लिया है। संभावित ट्रेनों को चिह्नित भी कर लिया है।
कानपुर से नई दिल्ली के बीच चलने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस का ठहराव पनकीधाम में करने के बाद यहां से रोजाना करीब 400 यात्री रोजाना चढ़ते उतरते हैं। पनकीधाम से कानपुर सेंट्रल की सड़क मार्ग से दूरी साढ़े 12 किमी है। जाम की वजह से एक तरफ आने में करीब एक घंटा लगता है।
इन ट्रेनों का पनकीधाम में एक से दो मिनट ठहराव का प्रस्ताव
अभी पनकीधाम रेलवे स्टेशन पर तीन एक्सप्रेस ट्रेनें श्रमशक्ति एक्सप्रेस, आगरा इंटरसिटी और गोमती एक्सप्रेस का ठहराव है। बाकी चार मेमू ट्रेनें ही इस स्टेशन पर रुकती हैं।
पनकीधाम स्टेशन को विकसित करने के बाद यहां पर सुबह चलने वाली कानपुर रिवर्स शताब्दी एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, कालका, तूफान, महानंदा एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस और रीवा एक्सप्रेस समेत करीब 18 ट्रेनों का एक से दो मिनट का ठहराव देने की योजना है।
अप्रैल में डीएफसी पर पूरी तरह से मालगाड़ियों का लोड शिफ्ट होने से मेन रेल लाइन पर यात्री ट्रेनों का ट्रैफिक कम होने पर ऐसा करना आसान होगा। ट्रेनें लेट नहीं होंगी और यात्रियों को चढ़ने उतरने के लिए एक से दो मिनट का समय दिया जाएगा।
अमृत भारत स्टेशन की सूची में कानपुर सेंट्रल के अलावा पनकीधाम स्टेशन को चिह्नित किया गया है। यहां पर यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी। कानपुर सेंट्रल जाने के बजाय यात्रियों को पनकीधाम से ही ट्रेन पकड़ने और आने की सुविधा होगी। -हिमांशु शेखर उपाध्याय, सीपीआरओ, एनसीआर