माधौगढ़(जालौन)। कुरतला के दो दर्जन ग्रामीणों ने शनिवार को शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि उच्चाधिकारियों से कई मर्तबा शिकायत के बावजूद तीन किलोमीटर कच्ची सड़क को पक्का नहीं किया गया। इससे आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील क्षेत्र के गांव गोपालपुरा के मजरा कुरतला सिकाऊ के मलखान सिंह, दिलीप, सर्वेश, सोम सिंह, देशराज, मोतीलाल, संतराम, ईश्वर, कल्याण पाल, श्याम सिंह आदि लोगों ने शासन प्रशासन के खिलाफ आधा घंटे तक नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि गोपालपुरा से कुरतला तक तीन किलोमीटर का रास्ता कच्चा है। रौरा, मानपुरा, सिकाऊ, कुरतला समेत आधा दर्जन गांवों के लोगों को गोपालपुरा में बाजार करने, बैंक, पशु अस्पताल, विद्यालय के कामों को लेकर आना-जाना पड़ता है। रास्ते में गहरे गड्ढे होने से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।
वहीं एसडीएम सालिकराम का कहना है कि सड़क को लेकर उच्चाधिकारियों को लिखकर भेजा जाएगा।