नाले में मिला पेंटर का शव: बेटी के साथ हुआ था दुष्कर्म, दो को भिजवाया था जेल, परिजनों को हत्या की आशंका
Kanpur Crime: फैक्टरी एरिया चौकी इंचार्ज गीता सिंह ने बताया कि अधेड़ को दौरे पड़ते थे। इसी के चलते वह नाले में गिर गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर के गोविंदनगर फैक्टरी एरिया में सोमवार को नाले में मिले शव की शिनाख्त गुजैनी के नौरैया खेड़ा निवासी 50 वर्षीय पेंटर के रूप में हुई है। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने चक्कर आने के बाद नाले में गिरने की बात कही है।
बेटे ने बताया कि पहले वह गुजैनी में किराये के मकान में रहते थे। 26 जुलाई को उनकी बहन को वहीं रहने वाली मीरा सिंह एक रिश्ता दिखाने की बात कह बिधनू ले गई थी। वहां एक होटल में पुरुषोत्तम पाल ने दुष्कर्म किया। बहन ने गुजैनी थाने में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। बेटे के मुताबिक, घटना के बाद सभी गोविंदनगर क्षेत्र के नौरैयाखेड़ा में रहने लगे। करीब 15 दिन पहले कुछ लोगों ने उसे पीटा था और पूरे परिवार को मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने एनसीआर दर्ज की, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
रविवार को काम के लिए निकले पिता अचानक लापता हो गए। सोमवार को घर से 80 मीटर दूर नाले में शव पड़ा मिला। फैक्टरी एरिया चौकी इंचार्ज गीता सिंह ने बताया कि अधेड़ को दौरे पड़ते थे। इसी के चलते वह नाले में गिर गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।