UP: ख्वाहिशों की बलि चढ़ी ‘बिट्टो’, मां ने गमछे से गला कसकर मारा, पति से कहा- या तू रहेगा या मैं, ऐसे उजड़ा घर
Orai News: आटा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते मां विनीता ने अपनी चार साल की बेटी नैना की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
विस्तार
उरई में आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव में घरेलू कलह में चार वर्षीय मासूम बेटी की हत्या के मामले में पति राजकुमार ने बताया कि कुछ दिनों से उसकी पत्नी का व्यवहार काफी चिड़चिड़ा हो गया था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और सीमित आमदनी के कारण पत्नी की सभी इच्छाएं पूरी नहीं कर पाता था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। राजकुमार ने बताया कि बुधवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उसी दौरान विनीता ने कहा था कि “या तू रहेगा या मैं। राजकुमार का कहना है कि अगर वह समय रहते जाग नहीं जाता तो संभव है कि उसे ही इस मामले में फंसा दिया जाता। घटना के बाद से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
विनीता ने जमीन पर लाल साड़ी बिछाई थी
गांव में दहशत व शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक विनीता ने गमछे का टुकड़ा फाड़कर बच्ची के गले में बांधा और उसे कस दिया। घटना को लेकर गांव में गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि जिस मां की गोद में बच्ची खुद को सबसे सुरक्षित समझती थी, उसी ने उसकी जिंदगी छीन ली। बताया गया कि घटना से पहले विनीता ने जमीन पर लाल साड़ी बिछाई थी।
बच्ची का शव उसी साड़ी पर पड़ा मिला
इसके बाद वह नैना को गोद में उठाकर वहां ले गई। घटना के बाद बच्ची का शव उसी साड़ी पर पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर गांव की महिलाओं की आंखें नम हो गईं। घर में तीन चारपाइयां बिछी थीं। एक पर राजकुमार अपने दोनों बेटों के साथ सो रहे थे, जबकि दूसरी पर विनीता और नैना थीं। तीसरी चारपाई खाली पड़ी थी। रात में बच्ची की जान चली गई और पास में सो रहे पिता व भाइयों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
‘बिट्टो’ कहकर बुलाते थे मोहल्ले वाले
चार साल की नैना को परिवार और मोहल्ले के लोग प्यार से ‘बिट्टो’ कहकर बुलाते थे। वह चंचल स्वभाव की थी और सभी की दुलारी थी। सुबह जैसे ही उसकी मौत की खबर फैली, पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। लोग यही कहते नजर आए कि अब उनकी ‘बिट्टो’ कभी लौटकर नहीं आएगी।
सजने-संवरने की शौकीन थी नैना
परिजनों ने बताया कि नैना को सजने-संवरने का बेहद शौक था। वह हाथों में बड़ी-बड़ी चूड़ियां पहनकर मोहल्ले में घूमती थी। उसकी मासूम हरकतें सभी को पसंद थीं। उसकी मौत के बाद मोहल्ले की रौनक जैसे खत्म हो गई है।
डर के साए में कटी विनीता की रात
चार साल की मासूम नैना की हत्या के बाद मां विनीता और उसका परिवार पूरी रात डर और सदमे में डूबा रहा। बताया गया कि बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे विनीता ने बेटी का गला घोंट दिया। कुछ देर बाद पास में सो रहे पति राजकुमार और दोनों भाइयों को घटना की जानकारी हुई। रात अधिक होने के कारण परिवार पूरी रात शव के पास बैठा रहा और सुबह होते ही मोहल्ले व रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी गई। सुबह पुलिस ने हत्यारोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रोती रही बेटी, मां चुप कराती रही
इटौरा गांव में चार साल की मासूम नैना की हत्या से जुड़ी बेहद दर्दनाक जानकारी सामने आई है। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे से ही महिला विनीता और उसके पति राजकुमार के बीच विवाद शुरू हो गया था। दोनों के बीच देर रात तक कहासुनी और झगड़ा चलता रहा। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान चार साल की मासूम नैना बीच-बीच में रो पड़ती थी।
रात दो बजे गमछे से गला कसकर की हत्या
इस पर मां उसे चुप कराती रही। परिजनों के मुताबिक घर का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना हुआ था और रात करीब 12 बजे तक झगड़ा चलता रहा। इसके बाद राजकुमार अपने दोनों बेटों के साथ अलग चारपाई पर सो गया, जबकि विनीता अपनी बेटी नैना को लेकर दूसरी ओर लेट गई। जानकारी के अनुसार तड़के करीब दो बजे विनीता उठी और सो रही मासूम नैना को जमीन पर ले गई।
जमीन पर लेटाकर वारदात को दिया अंजाम
वहां उसने गमछे से बच्ची का गला कस दिया। आशंका जताई जा रही है कि आवाज बाहर न जाए, इसलिए उसने जमीन पर लेटाकर वारदात को अंजाम दिया। मासूम की मौत के बाद घर में सन्नाटा छा गया। बाद में जब पिता की नींद खुली और उसने बेटी को मृत अवस्था में देखा तो वह फूट-फूट कर रो पड़ा। परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने की पुष्टि
चार साल की मासूम नैना की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने से माैत की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार बच्ची का गला कसने के बाद काफी देर तक दबाए रखा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मासूम चीख तक नहीं पाई और उसकी सांसें थम गईं।
ये था पूरा मामला
आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार में कलह इस कदर हावी हुई की एक मां ने आवेश में आकर अपनी ही ममता का गला घोंट दिया। बृहस्पतिवार रात को दंपती के बीच नोकझोंक के बाद मां ने अपनी चार साल की बेटी की गमछे से गला कसकर हत्या कर दी। इस वारदात को दस साल के बेटे ने मोबाइल से वीडियो बना लिया था। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पत्नी को जाने से मना कर दिया था
आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव निवासी राजकुमार बृहस्पतिवार रात अपने दोनों बेटों उमंग (10) और मयंक के साथ चारपाई पर लेटे थे। पत्नी विनीता दूसरी चारपाई पर बेटी नैना (4) के साथ सो रही थीं। पति राजकुमार का आरोप है कि पत्नी दो दिन से मायके जाने की जिद कर रही थी। रात में इस बात को लेकर फिर कलह हुई। उसने अपनी गरीबी का हवाला देकर पत्नी को जाने से मना कर दिया था।
चीख सुनकर दोनों बेटे भी जाग गए
रात में जब पूरा परिवार सो गया, तभी विनीता ने नैना को चारपाई से उठाया और जमीन पर ले जाकर उसका गमछे से गला कस दिया। देर रात बिजली जाने पर राजकुमार की नींद खुली। उसने देखा बेटी जमीन पर बेसुध पड़ी है पास में ही विनीता बैठी थी। उसकी चीख सुनकर दोनों बेटे भी जाग गए। बेटे उमंग ने बताया कि उसने मां को नैना के गले से गमछा हटाते हुए देखा था और इसका वीडियो भी बनाया है।