इसरो जाने की पहली परीक्षा आज, आईआईटी कानपुर में 1600 प्रतिभागी होंगे शामिल
- आईआईटी टेककृति की ओपेन स्कूल चैंपियनशिप जीतने पर मिलेगा इसरो जाने का मौका
- दो चरणों में होगी प्रतियोगिता, आईआईटी में आज परीक्षा देंगे 1600 प्रतिभागी
- सफल छात्रों को ही दूसरे चरण (22 दिसंबर) में प्रवेश मिलेगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईआईटी के टेक्निकल फेस्ट टेककृति में ओपेन स्कूल चैंपियनशिप जीतने वाले छात्रों को इसरो (इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन) जाने का मौका मिलेगा। इसके लिए देश भर से पंजीकृत छात्रों की ऑफलाइन परीक्षा रविवार को होगी। सफल छात्रों को ही दूसरे चरण (22 दिसंबर) में प्रवेश मिलेगा।
पहले चरण की परीक्षा के लिए देश के 25 शहरों से कुल 8000 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। हर शहर में गठित किए गए केंद्र पर प्रतिभागियों को परीक्षा देनी होगी। कानपुर शहर के करीब 1600 प्रतिभागियों की परीक्षा आईआईटी में ही होगी। इवेंट से जुडे़ छात्र अविरल ने बताया कि ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन भी होंगे। जो छात्र ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा सके हैं, वे सीधे संस्थान आकर पंजीकरण करवा सकते हैं। पहले चरण में 90 मिनट की लिखित परीक्षा होगी।
बता दें कि, आईआईटी के टेक्नोकल्चरल फेस्ट टेककृति में स्कूली बच्चों में तकनीक, ज्ञान की जिज्ञासा को बढ़ाने के लिए पिछले छह सालों से ओपेन स्कूल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाता है। प्रतियोगिता में देश भर के कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करते हैं।
दो ग्रुप में बंटेंगी टीमें
पूल ए में 9वीं से 10वीं के छात्र और पूल बी में 11वीं और 12वीं के छात्र होंगे। पहले चरण की प्रतियोगिता का परिणाम तीन नवंबर को जारी होगा। दूसरे चरण में दोनों पूल से 100 टीमें आईआईटी में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। हर पूल के पहले तीन विजेता टीम को इसरो जाने का मौका मिलेगा।
पूछे जाएंगे सामान्य ज्ञान के प्रश्न
अविरल ने बताया कि परीक्षा में सामान्य ज्ञान, एप्टीट्यूड से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। पेपर आईआईटीयंस ही तैयार करते हैं। छात्र अपने साथ स्टेशनरी किट, स्कूल आईडी प्रूफ और भुगतान की रसीद लेकर आएं। जो छात्र ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराएंगे, उनको रजिस्ट्रेशन फीस (300 रुपये) भी जमा करनी होगी।