Hamirpur Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्धा की मौत, सड़क पार करते समय हुआ हादसा, भूसा लेने गई थी मायके
Hamirpur News: सुमेरपुर-बांदा मार्ग में पारा रैपुरा गांव के पास सड़क पार कर रही वृद्धा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे एम्बुलेंस की मदद से पीएचसी लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में सुमेरपुर-बांदा मार्ग में सड़क पार कर रही वृद्धा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वृद्धा को एम्बुलेंस की मदद से पीएचसी सुमेरपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार, बिलहड़ी गांव निवासी सेवानिवृत्त अमीन दीपचंद प्रजापति की पत्नी बत्तोबाई उर्फ बिटोलाबाई (65) अपने मायके पारा रैपुरा भूसा लेने गई थी। बुधवार को सुबह करीब आठ बजे खेतों से झालों में भूसा भरवाने के बाद अपने पिता के घर वापस लौट रही थी।
तभी प्राथमिक विद्यालय के सामने बांदा मार्ग पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ी। एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पति बोला- भूसा लेने गई थी पत्नी
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे पति, एक बेटी व दो बेटों को रोते-बिलखते छोड़ गई है। पति दीपचंद प्रजापति ने बताया कि ससुराल में कुछ खेती बलकट में ले रखी है। उसी का भूसा तैयार हुआ था। उसी भूसा को लेने के लिए पत्नी गई हुई थी।
अज्ञात वाहन की तलाश जारी
बुधवार को यह घटना हो गई है। बताया कि आगामी 22 जून को छोटे बेटे की शादी भी होनी है। उसकी घर में तैयारियां भी चल रही है। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गम में डूब गया है। थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।