Oil Theft Case: बेईमानों ने ईमानदार को खरीदना चाहा…तो खुल गया सारा खेल, तेल माफिया की कर्मचारियों से थी डीलिंग
Kanpur News: अब तक की जानकारी के अनुसार खाद्य तेल चोरी वाली रात 12 कर्मचारी मौजूद थे। इनमें 11 गार्ड और एक गनर शामिल हैं। तेल चोरी के पर्दाफाश के बाद पुलिस ने सभी कर्मचारियों की लिस्ट, नाम पता व मोबाइल नंबर लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में पनकी स्थित टर्मिनल यार्ड में हो रही खाद्य तेल की चोरी का खुलासा एक तेल चोर के होशियार बनकर यार्ड हेड से सीधे डील करने के चक्कर में हुआ था। पकड़े गए बर्रा आठ निवासी तेल चोर शिवदत्त गुप्ता ने पूछताछ में बताया कि वह तेल टैंकलों के चालकों की मदद से तेल चोरी करता था। फिर उसे तेल माफिया शुभम मिश्रा को बेच देता।
शुभम उसे हाल ही में अपने साथ यार्ड ले गया। दिखाया कि कैसे यार्ड के कर्मचारियों से सांठ-गांठकर वह तेल चुराकर बाहर खड़े अपने टैंकर में भर लेता और मार्केट में छोटे व्यापारियों को बेच देता। गुप्ता ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसे लगता था कि तेल चोरी के इस खेल में कर्मियों के साथ यार्ड हेड करुण दुबे भी शामिल है। ऐसे में सीधे हेड से डील कर ज्यादा मुनाफा कमाने की होशियारी में वह दुबे से मिलने पहुंच गया।
पुलिस चोरी में शामिल कर्मचारियों को चिह्नित करने में जुटी
हालांकि कर्मचारियों के उलट यार्ड हेड ईमानदार निकले। उन्होंने पहले तो बातचीत के दौरान शिवदत्त से तेल चोरी के पूरे नेक्सस को समझा। फिर उसके साथ तेल माफिया शुभग के गुजैनी स्थित ठिकाने पहुंच गए। वहां टैंकर में चोरी का तेल भरा मिलने पर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने गुप्ता को गिरफ्तार कर टैंकर जब्त कर लिया। अब पुलिस शुभम और चोरी में शामिल यार्ड के कर्मचारियों को चिह्नित करने में जुटी है।
कर्मचारियों से पूछताछ जारी
अब तक की जानकारी के अनुसार खाद्य तेल चोरी वाली रात 12 कर्मचारी मौजूद थे। इनमें 11 गार्ड और एक गनर शामिल हैं। तेल चोरी के पर्दाफाश के बाद पुलिस ने सभी कर्मचारियों की लिस्ट, नाम पता व मोबाइल नंबर लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही सभी के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाल रही है। इससे पता चल सकेगा कि तेल चोर शुभग के गैंग से किस-किस की मिलीभगत है।
पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। सरगना के पकड़े जाने के बाद चोरी में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। -आशीष श्रीवास्तव, डीसीपी साउथ