Kanpur: जमीन विवाद में मारपीट, नवजात की मौत पर परिजनों ने लगाए आरोप
Kanpur News: महाराजपुर थाना क्षेत्र के कंधईखेड़ा गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान कुछ घंटे पहले जन्मे नवजात की मौत होने का परिजनों ने आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने बच्चे की स्वाभाविक मौत होने की बात कही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराजपुर थाना क्षेत्र के कंधईखेड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। सगे बड़े भाई पर आरोप है कि उसने छोटे भाई और उसकी नवप्रसूता पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके दौरान कथित तौर पर कुछ घंटे पहले जन्मे एक बच्चे की मौत हो गई।
जमीन के विवाद को लेकर हुआ था विवाद
पीड़ित महेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी ज्योति ने सुबह ही एक बच्चे को जन्म दिया था। इसी दौरान जमीन के बंटवारे या विवाद को लेकर उसका सगा बड़ा भाई अपने बेटों के साथ वहां आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने महेंद्र और उसकी पत्नी ज्योति को पीट दिया।
छीना-झपटी के दौरान नीचे गिरा नवजात
आरोप है कि मारपीट और हंगामे के दौरान नवजात को लेकर छीना-झपटी हुई, जिसमें बच्चा नीचे गिर गया और उसकी गंभीर स्थिति के चलते मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे महेंद्र को भी आरोपियों ने जमकर पीटा, जिससे उसे चोटें आई हैं।
पुलिस का पक्ष और कार्रवाई
वहीं, इस पूरे मामले पर महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में बच्चे की स्वाभाविक मौत प्रतीत हो रही है। पीड़ित पक्ष ने सुबह जो पहली तहरीर दी थी, उसमें केवल आपसी मारपीट का जिक्र किया गया था, जिसमें बच्चे की मौत का कोई हवाला नहीं था। हालांकि, बाद में परिजनों ने मारपीट के चलते बच्चे की मौत होने का आरोप लगाया है।