Mulayam Singh: नेताजी की आखिरी इच्छा थी एकजुट हो परिवार, अखिलेश और शिवपाल में न रहे शिकवा
नेताजी ने हमेशा ही दोनों को करीब लाने का प्रयास किया। उनके भाई अभयराम समेत दूसरे करीबियों ने उनके दिल का हाल का बताते हुए कहा कि वो चाहते थे कि परिवार एकजुट हो जाए। वहीं, जब चाचा ने कंधे पर हाथ रखा तो अखिलेश फफक कर रो पड़े।
विस्तार
नेताजी हमेशा परिवार की एकजुटता पर जोर देते रहे। अखिलेश-शिवपाल के बीच चल रहीं दूरियां खत्म हों, इसके लिए उन्होंने आखिर तक प्रयास किया। वह चाहते थे कि दोनों फिर समाजवादी विचारधारा को आगे ले जाएं। मुलायम सिंह करीबियों से समय-समय पर इसका जिक्र भी करते रहे।
मंगलवार को अंत्येष्टि स्थल पर ये दूरियां खत्म होती दिखीं। शिवपाल सिंह यादव ने जैसे ही अखिलेश यादव के कंधे पर हाथ रखा वह फफक पड़े। भाई अभयराम यादव ने बताया कि नेताजी ने हमेशा सभी को एक डोर से बांधे रखा।नेताजी की अंतिम इच्छा पूरी हो, यही सब उम्मीद करते हैं।
मुलायम सिंह के बाल सखा दर्शन सिंह यादव के नाती अंकित यादव ने बताया कि सैफई के लोग भी चाहते हैं कि चाचा और भतीजा फिर साथ आएं। अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचे एडवोकेट यदुवीर सिंह यादव ने बताया कि नेता जी सबके प्रिय थे।
उनकी इच्छा पूरी हो ये सबकी कामना है। सैफई के ही दफेदार सिंह यादव ने बताया कि नेताजी का जाना बड़ी क्षति है। उनके सपने साकार हों और अखिलेश-शिवपाल फिर एक साथ आएं, यही सबकी ख्वाहिश है। उनका परिवार एकजुट हो जाए।
परिवार की महिलाओं में हैं मधुर संबंध
अखिलेश-शिवपाल में भले ही दूरियां हों लेकिन महिलाओं के बीच गजब की एकजुटता है। शिवपाल सिंह की पत्नी सरला और अखिलेश की पत्नी डिंपल के बीच गजब के मधुर संबंध हैं। सास-बहू दोनों के बीच की कैमेस्ट्री पारिवारिक कार्यक्रमों में देखने को भी मिलती रही है।