Mission Admission: डिग्री कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू होंगे दाखिले
सीएसजेएमयू ने सत्र को नियमित करने के लिए सभी बोर्ड के परिणामों का इंतजार भी नहीं किया गया है। डीएवी के फार्म मिलने लगे हैं और बाकी कॉलेजों में जुलाई के पहले सप्ताह से दाखिले शुरू होंगे। बता दें कि पीपीएन औj क्राइस्ट चर्च में मेरिट से प्रवेश होगा। तो वहीं, बाकी कॉलेजों में सीधे दाखिला होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में छत्रपति शाहूजी महाराज विवि से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पीपीएन और क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज को छोड़कर शेष सभी कॉलेजों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। सत्र को नियमित करने के लिए डिग्री कॉलेजों ने सीबीएसई और सीआईएससीई के परिणामों का इंतजार भी नहीं किया है। हालांकि हर साल प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं। इस बार कुछ कॉलेजों में 23 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है तो कुछ में जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी।
डीएवी कॉलेज
डीएवी डिग्री कॉलेज में स्नातक, परास्नातक की प्रवेश प्रक्रिया 23 जून से शुरू हो गई। प्राचार्य प्रो. अरुण दीक्षित ने बताया कि आवेदन पत्र यस बैंक की पदम टॉवर की सिविल लाइंस शाखा से मिल रहे हैं। दाखिला पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। साइंस में 2100, आर्ट्स में 1200 और कामर्स में 1200 सीटें हैं। उनका कहना है कि अभी दाखिला प्रक्रिया की कोई अंतिम तिथि तय नहीं की गई है।
हरसहाय डिग्री कॉलेज
हरसहाय डिग्री कॉलेज में जुलाई के पहले सप्ताह से प्रवेश शुरू हो जाएंगे। प्राचार्य डॉ. अमर श्रीवास्तव ने बताया कि जुलाई भर दाखिला प्रक्रिया चलेगी। कॉलेज से फार्म मिलेगा और सीधे प्रवेश दिया जाएगा। कामर्स में 240 सीटें, साइंस में 300, आर्ट्स में 120 सीटें हैं।
क्राइस्ट चर्च कॉलेज
क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज में मेरिट से प्रवेश होेंगे। सभी बोर्ड के परिणाम आने के बाद सूची जारी की जाएगी। कॉलेज में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर छात्रों को पंजीकरण कराना होगा। बारहवीं का परिणाम नहीं आया है तो भी पंजीकरण करवा सकते हैं। परिणाम आने के बाद पंजीकरण फार्म को अपडेट कर सकेंगे। एडमिशन इंचार्ज डॉ. डीसी श्रीवास्तव ने बताया कि बीकॉम में 400, बीए में 360 और बीएससी में 480 सीटें हैं।
पीपीएन डिग्री कॉलेज
पीपीएन डिग्री कॉलेज में जुलाई के पहले सप्ताह से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कॉलेजों में साइंस में 480, आर्ट्स में 420 और कामर्स में 180 सीटें हैं। प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह ने बताया कि दाखिला मेरिट के आधार पर ही किया जाएगा। छात्र वेबसाइट पर जाकर फार्म भर सकते हैं। सत्र नियमित करने के लिए जुलाई से प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।