कानपुर: बदमाशों ने पुलिस पर झोंका फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, हुआ अरेस्ट
नवाबगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तमंचा, कारतूस और 50 हजार रुपए बरामद हुआ।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपराध पर अंकुश लगाने को मुठभेड़ का खौफ अपराधियों के मन में पैदा करने वाली पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है। दरअसल, शनिवार रात नवाबगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक से आ रहे दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तो वो भागने लगे। जब पुलिस ने घेराबंदी कर उनको पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस पर ही फायर झोंक दिया।
इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पैर में गोली मारकर एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा। घायल बदमाश को पुलिस हैलट में उपचार करवाने के बाद जेल भेजेगी। पुलिस को तलाशी में बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस और 50 हजार रुपए बरामद हुए।
बता दें कि पकड़े गए बदमाश की पहचान काकादेव निवासी शातिर लुटेरे जावेद उर्फ कलुआ उर्फ समीर के रूप में हुई है। इसी ने अपने साथी के साथ मिलकर कुछ दिन पहले ही थाना नवाबगंज क्षेत्र में शराब सेल्समैन के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस पर चेन स्नेचिंग और लूट की वारदातों के कई मामले दर्ज हैं।
डीसीपी वेस्ट बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि नवाबगंज पुलिस और उनकी स्वाट टीम शनिवार रात को गंगा बैराज के पास सिंचाई विभाग के निर्माणाधीन भवन के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो बाइक सवार भागने लगे। घेराबंदी करने पर सीधे पुलिस पर फायर झोंक दिया। इस दौरान पुलिस ने बाइक सवार के पैर में गोली मारकर दबोच लिया। जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला।