UP: मंत्री जितिन प्रसाद बोले- सांसद जी बता दें 20 करोड़ में कितने जीरो लगते हैं, शिवपाल यादव ने भी कसा तंज
Etawah News: लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के सांसद प्रोफेसर रामशंकर कठेरिया के लिए 20 करोड़ रुपए में कितनी जीरो होती है ये बता दें...इस पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए लिखा कि इटावा सांसद का गणित भी गड़बड़झाले का शिकार है।
विस्तार
इटावा जिले में लोक निर्माण मंत्री ने रविवार को 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने भरथना बाईपास, वाह-उदी मार्ग निर्माण को मंजूरी दी। अधिकारियों को हिदायत दी कि सभी काम गुणवत्तापूर्ण और समय पर पूरे किए जाएं। इटावा क्लब में आयोजित किए गए कार्यक्रम लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने रविवार को 52702.36 लाख रुपये का लोकार्पण और शिलान्यास किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण मोदी और योगी युग में हो रहा है। देश व प्रदेश में जो भी विकास कार्य कराए जा रहे है। वह सिर्फ फोटो के लिए नहीं हो रहे हैं, बल्कि नए भारत के निर्माण के लिए हो रहे है। लोक निर्माण विभाग के चीफ की मंच पर ही क्लास ली है। कहा कि भरथना बाईपास का सर्वे कब तक हो जाएगा।
जल्द सर्वे कराकर रिपोर्ट भेजिए। वाह उदी मार्ग का प्रस्ताव मंजूर करते हुए काम जल्दी शुरू कराने के निर्देश दिए। नुमाइश चौराहे से दक्षिणी बाईपास के बारे में भी मंच पर अधिकारियों को खड़ा करके पूछा। अधिकारियों ने बताया कि एस्टीमेट तैयार हो गया। इस पर कहा कि एस्टीमेट नहीं काम शुरू करिए जल्दी। भरथना-सिंडौस मार्ग 20 करोड़ की लागत से बनवाया जाएगा।
कहा कि सभी काम जल्द होने चाहिए
लघु सेतु मानिकपुर-पृथ्वीपुर मार्ग, देवीपुर रूरा मार्ग पर पुलिया, इटावा मैनपुरी मार्ग रुमरी पुलिया सभी बन जाए। कहा कि जनता पानी में भींग रही है। हिदायत देते हुए कहा कि यह सभी काम जल्द होने चाहिए। हिदायत दी कि गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ न हो इसका ध्यान रहे। आगे कहा कि यह सभी काम तो पूरे हो जाएंगे, लेकिन एक काम मेरा भी आप सभी जनता को करना है।
हम सभी को देश के स्वर्णिम भविष्य का सपना दिखाया
2024 में सांसद की ट्रेन आ रही है। उन्हें ऐतिहासिक जीत दिलानी है। सांसद रामशंकर कठेरिया ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व से आज हमारा भारत देश संपूर्ण विश्व का विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सभी को देश के स्वर्णिम भविष्य का सपना दिखाया है। बताया कि मंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में प्रतिदिन 29 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो रहा है।
सांसद जी बता दें 20 करोड़ में कितने जीरो लगते हैं बयान
मंच से मंत्री जितिन प्रसाद ने योजनाओं की लागत गिनाते हुए कहा कि सांसद जी बता दें कि 20 करोड़ में कितने जीरो आते हैं तो 200 करोड़ दे दूंगा। मंत्री के इस बयान पर सपा ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया है। इसमें सपा के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सांसद की डिग्री चेक कराने की बात कही है।
शिवपाल सिंह यादव ने भी कसा तंज
लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के सांसद प्रोफेसर रामशंकर कठेरिया के लिए 20 करोड़ रुपए में कितनी जीरो होती है ये बता दें...इस पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए लिखा कि इटावा सांसद का गणित भी गड़बड़झाले का शिकार है। वैसे दानवीर नजर आ रहे लोक निर्माण मंत्री विधान सभा सत्र में सम्बंधित विभाग पर आर्थिक चर्चा से भागते रहे। जब पूरे कुएं में भांग पड़ी हो तो गणित, रसायन, अर्थशास्त्र और इतिहास ही नहीं वर्तमान पर भी संकट गहरा जाता है।