हरदोई: विवाहिता की गला दबाकर हत्या, कोठरी मेें मिला शव, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सांडी थाना क्षेत्र में विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। अरोपियों ने हत्या के बाद शव फंदे पर लटका दिया। पति ने दो लोगों पर लगाया हत्या का आरोप।
विस्तार
हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के संतोषनपुरवा गांव में सोमवार रात महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर के अंदर कोठरी में चारपाई पर पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान, मूंह में कपड़ा ठुंसा और दोनों पैर उसके ब्लाउज से बंधे मिले। पति ने गांव के तीन युवकों पर हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंचे सीओ एसके सिंह ने घटना की जांच की और पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बता दें कि थाना क्षेत्र के ग्राम संतोषनपुरवा निवासी ओमवती (26) सोमवार में सो रही थी। जबकि उसका पति लल्ला सिंह, बेटे विपिन (11), अरूण (7) के साथ छत पर सो रहे थे। देर रात करीब 2 बजे बेटों को सर्दी लगने पर लल्ला ने चादर के लिए पत्नी को आवाज लगाई। जबाब न मिलने पर वह छत से उतरकर नीचे पहुंचा। उसे पत्नी घर में नहीं मिली। उसने घर में पत्नी की खोजबीन करने लगा।
इसी दौरान घर के अंदर भूसे की कोठरी में ओमवती का शव चारपाई पर पड़ा मिला। लल्ला सिंह के मुताबिक उसके शरीर पर चोटों के निशान थे, मुंह में कपड़ा ठुंसा था। उसके दोनों पैर ब्लाउज से बंधे मिले। मृतका के पति ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पति ने बताया कि गांव के दो युवकों ने वर्ष 2021 में उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया था, जिसका मुकदमा चल रहा है। सुलह के लिए आरोपी धमकी दे रहे थे। इसी रंजिश के चलते तीन आरोपियों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना पर मिलने पर सीओ एसके सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी रस्सी नुमा कपड़े से गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। एसओ बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।